गाजियाबाद में भव्य रोजगार मेला: टीसीएस और फॉक्सकॉन समेत 40 कंपनियों ने लिया हिस्सा, 5 हजार युवा पहुंचे

गाजियाबाद के साहिबाबाद में आयोजित रोजगार मेले में 5,000 युवाओं ने हिस्सा लिया। आईटी मंत्री सुनील कुमार शर्मा की पहल पर 40 प्रमुख कंपनियों ने दिए नौकरी के अवसर।

By INA News Desk
Oct 26, 2026 - 21:23
9 Views
गाजियाबाद में भव्य रोजगार मेला: टीसीएस और फॉक्सकॉन समेत 40 कंपनियों ने लिया हिस्सा, 5 हजार युवा पहुंचे
Advertisement
Advertisement

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा की पहल पर साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत वसुंधरा स्थित सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल में एक दिवसीय भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया। स्थानीय युवाओं को औद्योगिक मांग के अनुरूप रोजगार के ठोस अवसर उपलब्ध कराने और उनके करियर को सही दिशा देने के उद्देश्य से आयोजित इस मेले में लगभग 5,000 युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

1M1B फाउंडेशन और माइक्रोसॉफ्ट के विशेष सहयोग से आयोजित इस रोजगार मेले में देश-विदेश की करीब 40 प्रतिष्ठित कंपनियों ने सहभागिता की। इनमें टीसीएस, फॉक्सकॉन, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, फोर्स मोटर्स, किया मोटर्स, टीवीएस और अडानी सोलर जैसी प्रमुख कंपनियां शामिल रहीं।

मेले के माध्यम से युवाओं को सीधे कॉर्पोरेट प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित करने, साक्षात्कार की प्रक्रिया से गुजरने और अपनी शैक्षिक व तकनीकी योग्यता के अनुसार उपयुक्त रोजगार हासिल करने का सीधा मंच मिला।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि युवाओं को आजीविका से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अभियान के जरिए कुल 10,000 युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों में सेवायोजित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साहिबाबाद और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के युवाओं के लिए भविष्य में भी नियमित अंतराल पर ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन जारी रहेगा।

मंत्री ने रेखांकित किया कि वर्तमान औद्योगिक परिदृश्य में केवल पारंपरिक डिग्री ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि तकनीकी दक्षता और आधुनिक उद्योगों की व्यावहारिक जरूरतों के अनुरूप कौशल होना अनिवार्य है। ऐसे मंच उद्योग जगत और कार्यबल के बीच की दूरी को समाप्त कर पारदर्शी भर्ती को बढ़ावा देते हैं।

मेले के दौरान ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, सौर ऊर्जा, सूचना प्रौद्योगिकी, विनिर्माण और स्वास्थ्य सेवा से जुड़े विविध पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया पूरी की गई।

इसमें गाजियाबाद, साहिबाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कुशल व अकुशल युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। मंत्री ने दोहराया कि युवाओं के कौशल को सही अवसर में बदलने का यह प्रयास निरंतर जारी रहेगा, ताकि प्रदेश के अधिक से अधिक युवा अपने पैरों पर खड़े हो सकें।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement