सीतापुर: गुड़ मंडी और सब्जी मंडी में बेतरतीब पार्किंग से लगा जाम, राहगीर परेशान

सीतापुर की गुड़ मंडी और सब्जी मंडी में सड़क किनारे आड़े-तिरछे खड़े वाहनों से पैदल चलना मुश्किल हो गया है। स्थानीय नागरिकों ने नियमित निगरानी और पार्किंग व्यवस्था की मांग की।

By INA News Desk
Sep 24, 2026 - 21:55
1 Views
सीतापुर: गुड़ मंडी और सब्जी मंडी में बेतरतीब पार्किंग से लगा जाम, राहगीर परेशान

 Report : संदीप चौरसिया INA NEWS सीतापुर

सीतापुर शहर के प्रमुख व्यावसायिक बाजारों में सड़कों पर बेतरतीब खड़े वाहनों के चलते राहगीरों और खरीदारों की दिक्कतें लगातार बढ़ रही हैं। शहर के सबसे व्यस्त व्यापारिक केंद्र माने जाने वाले गुड़ मंडी और सब्जी मंडी क्षेत्र में सुबह से लेकर देर शाम तक खरीदारों और व्यापारियों का तांता लगा रहता है। इसके बावजूद सड़क की दोनों पटरियों पर वाहनों के व्यवस्थित ठहराव को लेकर कोई ठोस व्यवस्था न होने से हालात दिन-प्रतिदिन बिगड़ते जा रहे हैं।

गुड़ मंडी में रामा ज्वेलर्स के सामने सड़क के किनारे दोपहिया और चारपहिया वाहन आड़े-तिरछे खड़े देखे जा सकते हैं। दुकानों पर खरीदारी के लिए आने वाले ग्राहक अपने वाहन सड़क तक बढ़ाकर बेतरतीब तरीके से पार्क कर देते हैं। कई वाहन मुख्य सड़क की तरफ निकले होने की वजह से सड़क का चौड़ा हिस्सा पार्किंग में बदल जाता है, जिससे सड़क बेहद संकरी हो जाती है और पैदल चलने वाले लोगों को भारी मुश्किलों से गुजरना पड़ता है।

स्थानीय निवासियों और राहगीरों के अनुसार दुकानों के ठीक सामने बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े होने से पैदल चलने वालों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है। वाहनों की लंबी कतार लगने पर आम नागरिकों को खड़े वाहनों के बीच से बचते-बचाते या फिर तेज गति से आ रहे वाहनों के बीच सड़क के मध्य से निकलना पड़ता है। सब्जी मंडी और गुड़ मंडी क्षेत्र में पहले से ही ई-रिक्शा, ऑटो और मालवाहक वाहनों का भारी दबाव रहता है। ऐसे में सड़कों पर अव्यवस्थित पार्किंग होने से जब दो वाहन आमने-सामने आ जाते हैं, तो रास्ता पूरी तरह बंद हो जाता है और जाम की स्थिति बन जाती है।

क्षेत्रीय नागरिकों और व्यापारियों का कहना है कि प्रशासन को बाजार में आने वाले ग्राहकों और दुकानदारों के लिए एक तय पार्किंग स्थल की व्यवस्था करनी चाहिए। लोगों ने यातायात पुलिस और नगर निकाय से मांग की है कि गुड़ मंडी और सब्जी मंडी क्षेत्र में नियमित निगरानी रखी जाए और अभियान चलाकर सड़क पर आड़े-तिरछे वाहन पार्क करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाए। बाजारों में बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराने के लिए यातायात का व्यवस्थित होना बेहद आवश्यक है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow