सीतापुर: ऐलिया के परेवा धेनापुर पंचायत भवन में ताले गायब, सरकारी रिकॉर्ड और कंप्यूटर खतरे में
सीतापुर के ऐलिया ब्लॉक अंतर्गत परेवा धेनापुर पंचायत भवन का मुख्य द्वार टूटा और कमरों में ताले न होने से सरकारी दस्तावेज और कंप्यूटर की सुरक्षा खतरे में है।
Report : संदीप चौरसिया INA NEWS सीतापुर
सीतापुर जनपद के विकास खंड ऐलिया की ग्राम पंचायत परेवा धेनापुर में लाखों रुपये की लागत से तैयार किया गया पंचायत भवन रख-रखाव और प्रशासनिक उदासीनता के चलते बदहाली का शिकार हो गया है। पंचायत सचिवालय का मुख्य लोहे का गेट टूटा पड़ा है, वहीं प्रधान कक्ष और कंप्यूटर कक्ष के दरवाजों में ताले तक नहीं लगे हैं। ऐसे में भवन के अंदर मौजूद महत्वपूर्ण सरकारी अभिलेखों, विकास योजनाओं से जुड़े गोपनीय दस्तावेजों और लाखों के कंप्यूटर उपकरणों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक पंचायत स्तर पर कराए जाने वाले सभी विकास कार्यों, निर्माण योजनाओं, पेंशन, राशन, परिवार रजिस्टर और अन्य डिजिटल सेवाओं का पूरा लेखा-जोखा इसी पंचायत सचिवालय में सुरक्षित रखा जाता है। इसके बावजूद भवन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिम्मेदार लोग पूरी तरह बेपरवाह बने हुए हैं। मुख्य द्वार का गेट क्षतिग्रस्त होने और कमरों में कुंडी-ताला न होने से दिन-रात आवारा पशुओं और किसी भी असमाजिक व्यक्ति के बेरोक-टोक अंदर घुसने का खतरा बना रहता है। इससे जरूरी पत्रावलियों के फटने या चोरी होने की आशंका बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार ने जनता की सहूलियत और ग्राम स्तर पर सरकारी सेवाओं को पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से भारी-भरकम बजट खर्च करके इस पंचायत सचिवालय का निर्माण कराया था। देखरेख के अभाव में यह सार्वजनिक संपत्ति खंडहर में तब्दील होने की कगार पर पहुंच गई है। ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी और संबंधित विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि परिसर की वास्तविक स्थिति की स्थलीय जांच कराई जाए, मुख्य गेट की तत्काल मरम्मत हो और सभी कमरों में मजबूत ताले लगवाकर डिजिटल उपकरणों व अभिलेखों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
इस संबंध में जब खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) ऐलिया से पक्ष लिया गया, तो उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत भवन की बदहाली और सुरक्षा संबंधी कमियों की जांच कराई जाएगी और तुरंत मुख्य द्वार की मरम्मत के साथ ही दरवाजों में ताले लगवाकर पूरी व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाएगा।
What's Your Reaction?