नैमिषारण्य पुलिस ने बरामद किए 27 खोए मोबाइल, सीईआईआर पोर्टल की मदद से पीड़ितों को लौटाए
नैमिषारण्य पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल और सर्विलांस की मदद से 3.40 लाख रुपये के 27 गुमशुदा मोबाइल बरामद किए। 21 फोन पीड़ितों को सौंपे, 6 को दी गई सूचना।
रिपोर्ट:-सुरेंद्र मोठी INA News, संवाददाता नैमिषारण्य
तीर्थ नगरी नैमिषारण्य की पुलिस टीम को खोए हुए मोबाइल फोनों की तलाश में बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। गुमशुदा मोबाइलों की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने आधुनिक तकनीक, सीईआईआर पोर्टल और सर्विलांस प्रणाली का सहारा लेकर विभिन्न जगहों से गायब हुए 27 कीमती स्मार्टफोन ढूंढ निकाले हैं। इन बरामद फोन की कुल अनुमानित बाजार कीमत लगभग 3 लाख 40 हजार रुपये से अधिक आंकी गई है।
बरामद किए गए सभी हैंडसेट नामी कंपनियों के महंगे स्मार्टफोन हैं। जांच के दौरान सामने आया कि ये मोबाइल सिर्फ स्थानीय निवासियों के ही नहीं, बल्कि तीर्थाटन और काम के सिलसिले में आए लखनऊ, हरदोई, शाहजहांपुर, बुलंदशहर के साथ-साथ आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र के औरंगाबाद तक के नागरिकों के थे। लंबे समय से अपने खोए हुए फोन के वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के लिए यह राहत भरी खबर साबित हुई।
पुलिस ने बरामद 27 मोबाइलों में से 21 हैंडसेट सीधे थाने बुलाकर उनके वास्तविक स्वामियों के सुपुर्द कर दिए हैं। वहीं दूर-दराज के जनपदों और दूसरे राज्यों से जुड़े बाकी 6 मोबाइलों के स्वामियों को दूरभाष के माध्यम से फोन मिलने की सूचना दे दी गई है। उनके आते ही सत्यापन के बाद हैंडसेट सौंप दिए जाएंगे। थाने में जब लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल वापस मिले, तो उनके चेहरों पर खुशी लौट आई और उन्होंने पुलिस की इस सक्रिय कार्यशैली की मुक्तकंठ से सराहना की।
इस पूरी पड़ताल में तकनीकी संसाधनों की अहम भूमिका रही। पुलिस टीम ने पीड़ितों की ओर से दर्ज कराई गई सूचनाओं को भारत सरकार के सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज किया। सर्विलांस सेल की निरंतर निगरानी से सक्रिय हुए नंबरों की सटीक लोकेशन ट्रेस की गई, जिसके बाद टीम ने सिलसिलेवार तरीके से मोबाइलों को खोज निकाला। मोबाइल सुपुर्दगी के मौके पर मिश्रिख क्षेत्राधिकारी विशाल गुप्ता, थानाध्यक्ष नवनीत मिश्रा, उपनिरीक्षक प्रशांत सिंह और मुख्य आरक्षी विक्की मौजूद रहे।
Also Click : Hardoi News: सांडी में बीईओ-एचएम बैठक आयोजित, ‘प्रोजेक्ट ज्ञानोदय’ बुकलेट का हुआ लोकार्पण
What's Your Reaction?