सीतापुर में पुलिस टीम पर गोली चलाने वाले 8 बदमाश गिरफ्तार, अवैध असलहा और रंगदारी की नकदी बरामद
सीतापुर के नैमिषारण्य में पुलिस टीम पर हमला करने और रंगदारी वसूलने वाले 8 शातिर बदमाशों को पुलिस ने दबोचा। तीन तमंचे, कारतूस और नकदी बरामद।
रिपोर्ट:-सुरेंद्र मोठी INA News, संवाददाता नैमिषारण्य
सीतापुर में पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने और रंगदारी वसूलने वाले 8 शातिर गिरफ्तार, अवैध असलहा और नकदी बरामद
सीतापुर जिले में नैमिषारण्य थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पुलिस बल पर जानलेवा हमला करने और लोगों को डरा-धमकाकर अवैध वसूली करने वाले गिरोह के आठ सक्रिय सदस्यों को दबोच लिया है। यह कार्रवाई बीबीपुर-अटवा मार्ग पर लेखनापुर गांव मोड़ के पास की गई। पुलिस टीम पुराने मामले में वांछित अपराधियों की तलाश में घेराबंदी कर रही थी। उसी समय झाड़ियों और पेड़ों की आड़ में छिपे बदमाशों ने पुलिस को देखते ही सीधी गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ और बहादुरी दिखाते हुए चारों तरफ से घेरा डालकर सभी आरोपियों को मौके से पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पकड़े गए आरोपियों के पास से 315 बोर के दो देशी तमंचे, 32 बोर का एक तमंचा, जिंदा कारतूस और 10,500 रुपये नकद मिले हैं। यह रकम पीड़ित सत्यप्रकाश मौर्या से डर दिखाकर वसूली गई थी। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गोलू उर्फ आकिब, शशिकान्त, प्रशान्त कुमार, शिवांक, सुफियान, गुफरान, विकास और शोएब उर्फ समीर उर्फ बाबा पठान के रूप में हुई है।
पूछताछ में सामने आया कि शोएब गिरोह का मुख्य कर्ताधर्ता था। वह इलाके में रेकी करने के साथ ही पुलिस की हलचल पर नजर रखता था और गिरोह के बाकी सदस्यों को सतर्क करता था। गिरोह के सदस्य अलग-अलग इलाकों में लोगों की रेकी कर उन्हें भयभीत करते थे और उनसे मोटी रकम ऐंठते थे। मुकदमा दर्ज होने के बाद शोएब बाकी साथियों को इलाके से सुरक्षित बाहर भगाने के लिए गाड़ियों का बंदोबस्त कर रहा था। मुख्य आरोपी शोएब का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिस पर पहले से कई संगीन धाराओं और गैंगस्टर एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आयुध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
Also Click : Hardoi: 25 हजार का इनामी गैंगस्टर एक्ट का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार
What's Your Reaction?







