सीतापुर: सकरन में दिव्यांग और निराश्रित महिलाओं की समस्याओं पर मंथन, बीडीओ ने दिया समाधान का आश्वासन

सीतापुर के सकरन में दिव्यांग एकता फाउंडेशन की बैठक में पेंशन, राशन और आवास के मुद्दे उठे। बीडीओ ने जल्द समस्याओं के निस्तारण का भरोसा दिलाया।

By INA News Desk
Sep 24, 2026 - 21:49
1 Views
सीतापुर: सकरन में दिव्यांग और निराश्रित महिलाओं की समस्याओं पर मंथन, बीडीओ ने दिया समाधान का आश्वासन

Report : संदीप चौरसिया INA NEWS सीतापुर

सीतापुर जनपद के विकास खंड सकरन परिसर में आत्मनिर्भर दिव्यांग एकता फाउंडेशन की मासिक बैठक संपन्न हुई। इस बैठक की संयुक्त अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव सिंह तथा प्रबंधक-सचिव बिन्दू मौर्या ने की। बैठक में ब्लॉक क्षेत्र से बड़ी संख्या में पहुंचे दिव्यांगजनों और निराश्रित महिलाओं ने अपनी रोजमर्रा की परेशानियां और योजनाओं से जुड़े मुद्दे खुलकर रखे।

आयोजन के दौरान दिव्यांगजनों और निराश्रित महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के साथ ही सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ पात्रों तक पहुंचाने पर गंभीर चर्चा हुई। बैठक में मुख्य रूप से दिव्यांग पेंशन स्वीकृति के लिए खुली ग्राम सभाओं में प्रस्ताव पारित कराने, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना, पात्र गृहस्थी राशन कार्ड तथा व्यक्तिगत शौचालयों के निर्माण में आ रही दिक्कतों के मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।

प्रबंधक-सचिव बिन्दू मौर्या ने उपस्थित सदस्यों को जानकारी दी कि बैठक के दौरान ही खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) से दूरभाष पर संपर्क साधा गया और जनसमस्याओं से विस्तार से अवगत कराया गया। प्रशासनिक स्तर पर बीडीओ ने संगठन को आश्वस्त किया कि उठाए गए सभी बिंदुओं पर जल्द ही स्थलीय और विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित कर शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा।

संगठन की ओर से दो टूक चेतावनी भी दी गई कि यदि पूर्व में सौंपे गए मांग पत्र और वर्तमान समस्याओं का तय समय में समाधान नहीं किया गया, तो फाउंडेशन ब्लॉक परिसर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए विवश होगा, जिसकी पूरी जवाबदेही स्थानीय ब्लॉक प्रशासन की होगी। संगठन के पदाधिकारियों ने दोहराया कि पात्र लाभार्थियों को उनका अधिकार दिलाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखा जाएगा। बैठक में टीकाराम, अंजनी सिंह, अनीता गौतम, सिराज अहमद, गुड्डू, हजारी, सीमा, वीरेंद्र और रामपति सहित कई प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow