सीतापुर में मानवाधिकार जागरूकता पर मंथन, निष्क्रियता पर 7 सदस्यों की सदस्यता समाप्त

महमूदाबाद में मानवाधिकार ट्रस्ट की बैठक में जन-जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। संगठनात्मक निष्क्रियता पर 7 सदस्यों की सदस्यता समाप्त करने का फैसला हुआ।

By INA News Desk
Sep 13, 2026 - 20:39
7 Views
सीतापुर में मानवाधिकार जागरूकता पर मंथन, निष्क्रियता पर 7 सदस्यों की सदस्यता समाप्त

Report : संदीप चौरसिया INA NEWS सीतापुर

सीतापुर। आम नागरिकों को उनके मूल अधिकारों और मानवाधिकारों के प्रति सजग बनाने के उद्देश्य से विश्व मानव अधिकार कानून एवं अपराध नियंत्रण ट्रस्ट भारत की मासिक समीक्षा बैठक महमूदाबाद के रमुआपुर स्थित एमएसकेडी पब्लिक स्कूल में आयोजित की गई। राष्ट्रीय अध्यक्षा नीतू सिंह दिनकर के दिशा-निर्देश, राष्ट्रीय संरक्षक एसएस दिनकर के मार्गदर्शन और जिला संरक्षक रामानंद शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित इस सत्र में सामाजिक कुरीतियों के निवारण, जनसमस्याओं के समयबद्ध समाधान और संगठन के विस्तार पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख एवं समाचार संपादक अनुज कुमार जैन ने कहा कि ट्रस्ट का मुख्य ध्येय पीड़ित और वंचित वर्ग की समस्याओं को सुनकर प्रशासनिक व विधिक माध्यमों से उनका प्रभावी समाधान कराना है। ब्लॉक उपाध्यक्ष एवं प्रभारी विधानसभा अध्यक्ष आदित्य कुमार वर्मा ने नए ऊर्जावान साथियों को संगठन से जोड़ने की आवश्यकता बताई, जबकि प्रदेश उपाध्यक्ष अनुपम त्रिपाठी ने निष्ठावान कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने और अनुशासनहीनता बरतने वालों पर नियमानुसार कठोर कदम उठाने की बात कही। जिला महामंत्री दीपक यादव ने ग्रामीण चौपालों और सूचना पट्टों के जरिए मानवाधिकारों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने की योजना साझा की। वहीं तहसील उपाध्यक्ष राम कुमारी ने महिला सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा को प्राथमिकता सूची में रखने का आह्वान किया।

संगठनात्मक पुनर्गठन के क्रम में विपिन कुमार राजवंशी को लहरपुर विधानसभा क्षेत्र का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। इसके अतिरिक्त रेउसा ब्लॉक उपाध्यक्ष गिरिजा देवी, ब्लॉक सदस्य प्रियांशी और महमूदाबाद ब्लॉक सदस्य राम हुसैनी को आधिकारिक परिचय पत्र वितरित किए गए। बैठक में हेतमापुर धाम क्षेत्र की जनसुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की गई, जिस पर संबंधित अधिकारियों द्वारा कार्य प्रगति पर होने की बात कही गई।

संगठन की साख और कार्यप्रणाली को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए लगातार बैठकों से अनुपस्थित रहने और दायित्वों के प्रति शिथिल पाए जाने पर सात पदाधिकारियों व सदस्यों की सदस्यता समाप्त करने का कड़ा निर्णय लिया गया। इनमें बिसवां नगर अध्यक्ष दीपक कुमार मौर्य, बिसवां ब्लॉक अध्यक्ष विनीत यादव, ब्लॉक सदस्य तीरथ राम सहित बिंदु सागर, शिवांग मिश्रा, दिलीप वर्मा और सुशील वर्मा शामिल हैं। निष्कासित सदस्यों को अपने पहचान पत्र तत्काल संस्था कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासचिव रवि लाल रस्तोगी, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी ओमप्रकाश पांडेय, प्रदेश महासचिव तेज भान सिंह यादव सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। अंत में सभी ने पीड़ित मानवता की सेवा और अधिकारों के संरक्षण के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प दोहराया।

Also Click : सहारनपुर में शाकुंभरी देवी मेले की तैयारियां तेज, एसएसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था और यातायात योजना

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow