UP News: सीतापुर में संपूर्ण समाधान दिवस पर आई 221 शिकायतें, 33 मामलों का मौके पर हुआ निस्तारण

सीतापुर जिले की सभी तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 221 शिकायतें आईं। महमूदाबाद में डीएम और एसपी ने सुनी समस्याएं, 33 का मौके पर निस्तारण।

Aug 17, 2026 - 21:08
7 Views
UP News: सीतापुर में संपूर्ण समाधान दिवस पर आई 221 शिकायतें, 33 मामलों का मौके पर हुआ निस्तारण

रिपोर्ट : संदीप चौरसिया सीतापुर

संपूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों ने सुनी जनसमस्याएं, मौके पर 33 मामलों का कराया गया निपटारा

सीतापुर जिले की सभी तहसीलों में जनसमस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान के लिए संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। महमूदाबाद तहसील में आयोजित मुख्य शिविर में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने प्रार्थना पत्रों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों को सौंपते हुए तय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई के दौरान आने वाली शिकायतों का समाधान केवल कागजों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि अफसर जमीनी स्तर पर जाकर वास्तविकता की पड़ताल करें। विशेष रूप से जनकल्याणकारी और लाभार्थीपरक योजनाओं से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देकर निपटाने पर बल दिया गया, जिससे पात्र व्यक्तियों को उनका अधिकार मिल सके। इसके साथ ही ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के समयबद्ध निपटारे के भी निर्देश दिए गए।

जिले भर की सातों तहसीलों में कुल 221 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 33 मामलों को मौके पर ही सुलझा लिया गया। महमूदाबाद तहसील में पहुंचे 102 मामलों में से 12 का तुरंत समाधान किया गया। अन्य तहसीलों में सदर में 24 में से चार, बिसवां में 27 में से पांच, लहरपुर में 21 में से तीन, मिश्रिख में 17 में से तीन, सिधौली में 17 में से चार और महोली में 16 में से दो शिकायतों का तत्काल निस्तारण हुआ। शेष सभी लंबित प्रकरणों को एक सप्ताह की समय सीमा के भीतर हल करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। जनसुनवाई के दौरान उपजिलाधिकारी अभिषेक प्रियदर्शी, तहसीलदार और अन्य विभागों के स्थानीय अधिकारी मौजूद रहे।

Also Click : Sambhal: महिष्मति नदी को मिला नया जीवन, 12.5 किमी क्षेत्र में तेज हुआ जीर्णोद्धार अभियान

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow