Naimisharanya News: राज्य मंत्री सुरेश राही ने किया मेधावी विद्यार्थियों और श्रेष्ठ अभिभावकों को सम्मानित, गुरुकुल का वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न
नैमिषारण्य में डॉ. बनवारी लाल शर्मा गुरुकुल का भव्य वार्षिकोत्सव, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, लखनऊ के बैंड 'पराक्रम' ने बांधा समां
नैमिषारण्य (सीतापुर)। तीर्थ नगरी नैमिषारण्य स्थित डॉ. बनवारी लाल शर्मा गुरुकुल में 26 नवंबर को भव्य एवं रंगारंग वार्षिकोत्सव समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री सुरेश राही मुख्य अतिथि तथा भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शरद बाजपेई विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा हिंदू शेर सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री विकास चतुर्वेदी एवं राष्ट्रीय महासचिव श्री प्रदीप शुक्ला की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रणीत अग्निहोत्री ने अतिथियों का परिचय कराते हुए विद्यालय की वार्षिक प्रगति आख्या प्रस्तुत की। वहीं विद्यालय के प्रबंधक भारतेंदु प्रकाश त्रिवेदी ने अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जीता दर्शकों का दिल
वार्षिकोत्सव में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा और शानदार प्रस्तुतियों पर पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण लखनऊ से आए प्रसिद्ध बैंड 'पराक्रम' की संगीतमय प्रस्तुति रही, जिसने समारोह में चार चांद लगा दिए।
मेधावी विद्यार्थियों और श्रेष्ठ अभिभावकों का हुआ सम्मान
समारोह में शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि राज्य मंत्री श्री सुरेश राही ने शैक्षणिक क्षेत्र में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए। साथ ही प्रत्येक कक्षा से चयनित एक-एक श्रेष्ठ अभिभावक को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शरद बाजपेई, श्री विकास चतुर्वेदी एवं श्री प्रदीप शुक्ला ने मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया।

बच्चों को शिक्षा और संस्कारों के साथ आगे बढ़ने का दिया संदेश
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि राज्य मंत्री सुरेश राही ने विद्यालय प्रबंधन को सफल एवं भव्य आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने उपस्थित अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बच्चों को माता-पिता एवं गुरुजनों का सदैव सम्मान करने और अच्छी शिक्षा प्राप्त कर नैमिषारण्य की पवित्र धरती के साथ जनपद सीतापुर का नाम रोशन करने का आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों, अभिभावकों, पत्रकार बंधुओं एवं आयोजन में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
रिपोर्ट: सुरेंद्र मोठी, नैमिषारण्य
What's Your Reaction?

