सम्भल कांग्रेस के लिए बनने जा रही सबसे मजबूत जगह: सुभाष चोपड़ा
सम्भल में कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत पहुंचे वरिष्ठ नेता सुभाष चोपड़ा ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने 2027 चुनाव की तैयारियों पर बात रखी।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
2027 विधानसभा चुनाव से पहले संगठन सृजन अभियान के तहत सम्भल पहुंचे पूर्व दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने कांग्रेस संगठन को मजबूत करने का दावा किया। उन्होंने कहा कि सम्भल में कांग्रेस पहले कमजोर थी, लेकिन अब कार्यकर्ताओं की सक्रियता से पार्टी मजबूत हो रही है। चोपड़ा ने कहा कि उनका मकसद संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं से राय लेकर संभावित उम्मीदवारों का पैनल तैयार कर एआईसीसी को भेजना है।
सुभाष चोपड़ा ने कहा कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की आवाज देश में मजबूत हुई है और सम्भल कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण क्षेत्र है। उन्होंने दावा किया कि सम्भल कांग्रेस के लिए सबसे मजबूत जगह बनने जा रहा है। संगठन में आपसी खींचतान और जिला व शहर कांग्रेस कमेटी के बीच मतभेद के सवाल पर चोपड़ा ने कहा कि विचारों में अंतर होना स्वाभाविक है, लेकिन इसका संगठन से कोई लेना-देना नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनका काम सभी को साथ लेकर कांग्रेस को मजबूत करना है।
2027 में सम्भल सीट पर कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ेगी या गठबंधन का हिस्सा बनेगी, इस सवाल पर उन्होंने साफ कहा कि यह फैसला हाईकमान करेगा। उन्होंने खुद को संगठन सृजन के लिए आए पर्यवेक्षक के तौर पर बताया। भाजपा पर निशाना साधते हुए चोपड़ा ने कहा कि बेरोजगारी, छात्रों की समस्याओं और अन्य मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए नए-नए मुद्दे उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब जनता जाग चुकी है और कांग्रेस बच्चों के भविष्य, रोजगार तथा आपसी भाईचारे के मुद्दों को लेकर अपनी आवाज बुलंद करेगी। सुभाष चोपड़ा का संदेश साफ रहा- 2027 से पहले सम्भल में कांग्रेस के संगठन को एकजुट कर बूथ स्तर तक मजबूत करना ही उनका मुख्य लक्ष्य है।
Also Click : Sambhal: रिहायशी मकान में चल रहे थे अवैध जींस-जूता कारखाने, प्रशासन का छापा; थमाया नोटिस
What's Your Reaction?







