Hardoi News: प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को बड़ी सौगात, DM ने अभ्युदय पुस्तकालय का किया शुभारंभ
जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत पुस्तकालय का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस
Hardoi: जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत पुस्तकालय का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्प अर्पित किए। उन्होंने पुस्तकालय में उपलब्ध अध्ययन सुविधाओं का अवलोकन किया तथा वहां अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में जानकारी ली।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित यूपी पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई), कांस्टेबल एवं होमगार्ड के अभ्यर्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। निरंतर मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

जिलाधिकारी ने बच्चों से संवाद करते हुए उनके सवालों के जवाब दिए और उन्हें सफलता के मंत्र बताए। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए मेहनत के साथ साहस और आत्मविश्वास बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा, “मन के हारे हार है, मन के जीते जीत।” यदि व्यक्ति के मन में दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास है, तो वह कठिन परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए पढ़ाई के साथ-साथ परीक्षा के दिन मन की स्थिति भी महत्वपूर्ण होती है। अभ्यर्थियों को परीक्षा के समय तनावमुक्त रहकर धैर्य और आत्मविश्वास के साथ प्रश्नों को हल करना चाहिए। उन्होंने महाभारत में अर्जुन का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार अर्जुन का पूरा ध्यान मछली की आंख पर केंद्रित था, उसी प्रकार विद्यार्थियों को भी अपने लक्ष्य पर एकाग्रचित्त होकर मेहनत करनी चाहिए।

इस अवसर मुख्य विकास अधिकारी नेहा बेडवाल ने भी बच्चों से संवाद किया तथा उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखते हुए लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी अवनीश कुमार तथा संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहंे।
Also Read- Hardoi News: हरदोई में 13वें भव्य श्री श्याम वार्षिकोत्सव का आगाज, निमंत्रण पत्रिका का हुआ विमोचन
What's Your Reaction?

