हाथरस में फंदे पर लटका मिला विवाहिता का शव, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
हाथरस गेट क्षेत्र के तमन्ना की गढ़ी में विवाहिता का शव फंदे पर लटका मिला। मायके वालों ने अतिरिक्त दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया, पुलिस जांच जारी।
हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के तमन्ना की गढ़ी मोहल्ले में एक मकान के भीतर 25 वर्षीय विवाहिता कृष्णा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका अलीगढ़ जिले के इगलास क्षेत्र अंतर्गत मुमरेजा गांव निवासी पुष्पेंद्र की पुत्री थी। उसकी शादी चार वर्ष पूर्व तमन्ना की गढ़ी निवासी मोहित के साथ हुई थी। दांपत्य जीवन के दौरान उनके दो बच्चे हुए।
अस्पताल पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर ससुराल में विवाहिता को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। मां के अनुसार सुबह उन्होंने कई बार अपनी बेटी के फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कॉल का कोई जवाब नहीं मिला। कुछ समय बाद दामाद मोहित ने फोन कर सूचना दी कि उसने फांसी लगा ली है।
मायके वालों ने आशंका जताई है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उनकी बेटी की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा परिजनों से प्राप्त लिखित शिकायत के आधार पर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
What's Your Reaction?