Lucknow News: जन शिक्षण संस्थान ने रेलवे सुरक्षा बल की महिलाओं को बनाया हुनरमंद।
कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय, भारत सरकार के जन शिक्षण संस्थान, गोमती नगर, लखनऊ द्वारा रेलवे सुरक्षा बल...
लखनऊ: कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय, भारत सरकार के जन शिक्षण संस्थान, गोमती नगर, लखनऊ द्वारा रेलवे सुरक्षा बल के महिला परिजनों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से असिस्टेंट कंप्यूटर ऑपरेटर प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। रेलवे सुरक्षा विशेष बल, तृतीय वाहिनी परिसर में आयोजित इस प्रशिक्षण के समापन अवसर पर रेलवे सुरक्षा बल के अपर महानिदेशक शरत चंद्र पाढ़ी ने प्रशिक्षण प्राप्त 20 महिलाओं व किशोरियों को प्रमाणपत्र वितरित किए।
इस अवसर पर पाढ़ी ने कहा कि महिलाएं विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। यदि वे अपनी प्रतिभा को पहचानें और सरकार द्वारा संचालित कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लें तो वे आत्मनिर्भर बनकर देश के विकास में सशक्त भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे आगे बढ़ें और अपने कौशल का निरंतर विकास करें।
रेलवे सुरक्षा विशेष बल के महानिरीक्षक सुमति शांडिल्य ने कहा कि कंप्यूटर प्रशिक्षण इन महिलाओं के लिए वरदान साबित होगा। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और उन्हें रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे। मॉडर्न कोच फैक्ट्री रायबरेली के महानिरीक्षक रमेश चंद्र ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी।
जन शिक्षण संस्थान के निदेशक अनिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि भारत सरकार के पाठ्यक्रम के अनुसार महिलाओं को 360 घंटे का कंप्यूटर का सामान्य प्रशिक्षण प्रदान किया गया है, जो उनके आय सृजन में उपयोगी सिद्ध होगा। इससे पूर्व संस्थान द्वारा परिसर में असिस्टेंट ड्रेस मेकर, ब्यूटी केयर असिस्टेंट, चिकनकारी आदि में 60 महिलाओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है।
कार्यक्रम में जगजीवन राम रेलवे सुरक्षा बल अकादमी के सेवानिवृत्त महानिरीक्षक राजाराम ने भी महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन रेलवे सुरक्षा विशेष बल के सैन्य सहायक एन एन चौबे एवं जन शिक्षण संस्थान के कार्यक्रम अधिकारी पन्नालाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर रेलवे सुरक्षा बल के अनेक अधिकारी एवं सुरक्षाकर्मी उपस्थित रहे।
Also Read- अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस- लखनऊ विश्वविद्यालय में योग दिवस मनाया गया।
What's Your Reaction?











