केरलम के पत्रकारों ने जाना उत्तर प्रदेश का कानून-व्यवस्था मॉडल, लखनऊ में हुआ मीडिया संवाद

लखनऊ में आयोजित मीडिया संवाद में केरलम के पत्रकारों ने यूपी की कानून-व्यवस्था का अध्ययन किया। दोनों राज्यों के मीडिया प्रतिनिधियों ने अनुभव साझा किए।

By INA News Desk
Sep 11, 2026 - 22:18
4 Views
केरलम के पत्रकारों ने जाना उत्तर प्रदेश का कानून-व्यवस्था मॉडल, लखनऊ में हुआ मीडिया संवाद

लखनऊ। 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' की संकल्पना को साकार करने और अंतर-राज्यीय संवाद को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजधानी में केरलम और उत्तर प्रदेश के मीडिया प्रतिनिधियों के बीच विशेष मीडिया संवाद आयोजित किया गया। पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) लखनऊ और उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का मार्गदर्शन सूचना निदेशक विशाल सिंह और पीआईबी लखनऊ के निदेशक दिलीप कुमार शुक्ल ने किया। इस परिचर्चा का मुख्य उद्देश्य दोनों राज्यों के पत्रकारों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना था, जहां वे प्रशासनिक कार्यप्रणाली, विकासात्मक बदलावों, मीडिया संस्कृति और जनहितैषी प्राथमिकताओं को समझ सकें।

लखनऊ दौरे पर आए केरलम के प्रमुख प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश में स्थापित सुदृढ़ कानून-व्यवस्था के ढांचे, अपराध नियंत्रण की रणनीतियों और पुलिस प्रशासन द्वारा अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों की विस्तार से जानकारी ली। संवाद के दौरान शासन और नागरिकों के बीच सीधे संवाद तंत्र और जनसमस्याओं के समाधान की व्यवस्था पर भी गंभीर मंथन हुआ। वहीं, उत्तर प्रदेश के पत्रकारों ने केरलम की उत्कृष्ट शैक्षणिक व्यवस्था, उच्च साक्षरता दर और वहां की शिक्षण पद्धतियों के मूल कारणों को समझने में रुचि दिखाई।

विचार-विमर्श के दौरान दोनों राज्यों के पत्रकारों ने अपने-अपने क्षेत्रों में जनसरोकार से जुड़े समाचारों की प्रस्तुति और मीडिया संचालन के तौर-तरीकों को साझा किया। इसके साथ ही हिंदी सिनेमा और दक्षिण भारतीय फिल्म जगत के बीच मजबूत होते रचनात्मक तालमेल और फिल्मों के माध्यम से सांस्कृतिक एकता को विस्तार देने की संभावनाओं पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।

इस अवसर पर पीआईबी केरलम की निदेशक वी. पार्वती और उत्तर प्रदेश सूचना विभाग के अपर निदेशक अरविंद कुमार मिश्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय और क्षेत्रीय स्तर के प्रमुख समाचार संस्थानों के वरिष्ठ संवाददाताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। यह आयोजन दोनों राज्यों के बीच वैचारिक जुड़ाव, सामाजिक समन्वय और राष्ट्रीय एकता के दृष्टिकोण को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास साबित हुआ।

Also Click : UP News: योगी सरकार का बड़ा प्रयास, 1,600 करोड़ से अधिक की 65 परियोजनाओं से बदलेगी स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow