Sitapur: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर 5 से 21 जून तक होंगे जनकल्याण एवं जनसंपर्क कार्यक्रम, प्रभारी मंत्री ने की तैयारियों की समीक्षा

केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 05 जून से 21 जून, 2026 तक आयोजित

Jun 4, 2026 - 17:22
 0  4
Sitapur: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर 5 से 21 जून तक होंगे जनकल्याण एवं जनसंपर्क कार्यक्रम, प्रभारी मंत्री ने की तैयारियों की समीक्षा
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर 5 से 21 जून तक होंगे जनकल्याण एवं जनसंपर्क कार्यक्रम, प्रभारी मंत्री ने की तैयारियों की समीक्षा
  • केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 05 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर प्रभारी मंत्री ने की समीक्षा बैठक
  • जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा केन्द्र सरकार के 12 वर्षों का उत्सव।
  • पर्यावरण दिवस से योग दिवस तक प्रदेश/केन्द्र सरकार की उपलब्धियां लेकर जनता के बीच जाएंगे-जनप्रतिनिधि।

सीतापुर: केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 05 जून से 21 जून, 2026 तक आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों के संबंध में जनपद सीतापुर के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा, विभागवार दायित्वों, प्रचार-प्रसार, जनसहभागिता तथा विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। 

बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विगत 12 वर्षों के दौरान सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक एवं जनहितकारी कार्य किए हैं। इन उपलब्धियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से 05 जून से 21 जून तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ लाभार्थियों से संवाद स्थापित किया जाएगा।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि कार्यक्रमों का आयोजन जनपद, तहसील, विकास खंड एवं ग्राम पंचायत स्तर तक प्रभावी ढंग से किया जाए तथा इसमें आमजन की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि विभिन्न विभाग अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए कार्यक्रमों की तैयारियां समय से पूर्ण कर लें तथा सभी व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित करें।

बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने एक पेड़ मां के नाम अभियान को विशेष रूप से सफल बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकताओं में से एक है तथा वृक्षारोपण के माध्यम से हम आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर वातावरण सुनिश्चित कर सकते हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों से अपनी-अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के नाम से एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाए, जिससे यह अभियान एक जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर सके। उन्होंने निर्देश दिए कि 05 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं तथा 21 जून तक चलने वाले कार्यक्रमों के दौरान व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण एवं जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएं। 

प्रभारी मंत्री ने कहा कि कार्यक्रमों के अंतर्गत लाभार्थी सम्मेलन, विकास प्रदर्शनी, संगोष्ठियां, गोष्ठियां, जनजागरूकता अभियान, स्वच्छता कार्यक्रम, स्वास्थ्य शिविर, योग कार्यक्रम, युवा एवं महिला समूहों की सहभागिता से संबंधित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों में केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों को आमंत्रित किया जाए तथा उनके अनुभव साझा कराए जाएं, जिससे अन्य पात्र व्यक्तियों को भी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रेरणा मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रमों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न माध्यमों का उपयोग किया जाए तथा कार्यक्रमों के आयोजन में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। आयोजन स्थलों पर पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, सुरक्षा, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। साथ ही कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग एवं समीक्षा भी की जाए। 

बैठक में जिलाधिकारी डॉ0 राजागणपति आर. ने कार्यक्रमों की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली गई है तथा सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां आवंटित कर दी गई हैं। कार्यक्रमों के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन हेतु विभागों के मध्य समन्वय स्थापित करते हुए निरंतर समीक्षा की जा रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि मंत्री आश्वस्त किया कि उनके एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा दिये गये सुझावों एवं निर्देशों को अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जायेगा। 

बैठक में कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही, सांसद मिश्रिख अशाोक रावत, सदस्य विधान परिषद पवन सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष भाजपा राजेश शुक्ला, विधायक महोली शशांक त्रिवेदी, विधायक मिश्रिख रामकृष्ण भार्गव, विधायक बिसवां निर्मल वर्मा, विधायक सेवता ज्ञान तिवारी, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी वन प्रभाग नवीन खण्डेलवाल, मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 दीक्षा जोशी, अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त जिला स्तरीय अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

INA News_Admin आई.एन. ए. न्यूज़ (INA NEWS) initiate news agency भारत में सबसे तेजी से बढ़ती हुई हिंदी समाचार एजेंसी है, 2017 से एक बड़ा सफर तय करके आज आप सभी के बीच एक पहचान बना सकी है| हमारा प्रयास यही है कि अपने पाठक तक सच और सही जानकारी पहुंचाएं जिसमें सही और समय का ख़ास महत्व है।