Hardoi News: संडीला में गूंजे बाबा श्याम के जयकारे! भजन संध्या में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, भजनों और मनमोहक झांकियों ने मोहा मन
नगर के अतरौली बस स्टॉप स्थित इमलियाबाग में श्री श्याम परिवार की ओर से चतुर्थ भव्य श्री श्याम बाबा संकीर्तन
रिपोर्टर : मुकेश सिंह सोमवंशी
संडीला/हरदोई। नगर के अतरौली बस स्टॉप स्थित इमलियाबाग में श्री श्याम परिवार की ओर से चतुर्थ भव्य श्री श्याम बाबा संकीर्तन एवं सालासर बालाजी भजन संध्या का आयोजन किया गया। रविवार देर रात तक चले इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भजन गायकों की प्रस्तुतियों ने ऐसा भक्तिमय वातावरण बनाया कि श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए और पूरा परिसर बाबा श्याम के जयकारों से गूंज उठा।
बाबा श्याम और बालाजी के पूजन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत खाटू श्याम बाबा एवं सालासर बालाजी के पूजन-अर्चन के साथ हुई। आकर्षक ढंग से सजाए गए दरबार में श्रद्धालुओं ने दर्शन कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद भजन गायकों ने अपनी प्रस्तुतियों से संकीर्तन को यादगार बना दिया।
भजनों पर झूमे श्रद्धालु, देर रात तक चला संकीर्तन
वृंदावन धाम से आए भजन गायक अमन मिश्री ने ‘मैंने मोहन को बुलाया है, वो आता होगा’ और ‘खाटू वाले पकड़ो मेरा हाथ रे’ जैसे भजनों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर किया। गोवर्धन धाम, मथुरा से आए बाल कलाकार एवं गायक भक्त भागवत ने ‘राधे कृष्णा, राधे-राधे’, ‘हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा’ और ‘खाटू श्याम वाले से मेरी पहचान हो गई’ जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तिरस की धारा बहाई। जयपुर से आए आयुष सोमानी ने ‘तुम सजधज कर बैठे हो, किसी की नजर ना लगे’ भजन सुनाकर खूब तालियां बटोरीं। वहीं लखनऊ से आईं शिवांगी पाठक की मधुर प्रस्तुतियों ने भी श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पंडाल में मौजूद श्रद्धालु भक्ति संगीत के साथ झूमते और जयकारे लगाते रहे।
आकर्षक झांकियां रहीं आयोजन का प्रमुख आकर्षण
भजन संध्या के दौरान दरबार में सजाई गईं मनमोहक झांकियों ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। भक्ति संगीत, साज-सज्जा और बाबा श्याम के जयकारों से पूरा वातावरण आध्यात्मिक उल्लास से भर गया। आयोजन में श्रद्धालुओं की सहभागिता ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
विधायक सहित कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में संडीला विधायक अलका अर्कवंशी, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमित गुप्ता, समाजसेवी अजय सिंह आदित्य, संगीत सोनी, आकाश गुप्ता, सूरज गुप्ता, राजकुमार अग्रवाल, शिल्पा अग्रवाल, जेपी सिंह राणा, संचित अग्रवाल और कर्नल आदित्य सिंह सहित श्री श्याम परिवार के सदस्य तथा बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे। श्री श्याम परिवार की ओर से आयोजित इस धार्मिक संकीर्तन में श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम और सालासर बालाजी के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। देर रात तक भक्ति गीतों और जयकारों से संडीला का वातावरण भक्तिमय बना रहा।
What's Your Reaction?

