वडनगर से काशी तक निकली सेवा सुशासन यात्रा का भव्य स्वागत, कन्हैया लाल बाबा मंदिर में हुआ कलश पूजन

वडनगर से काशी तक निकली सेवा सुशासन यात्रा का क्षेत्र में भव्य स्वागत। कन्हैया लाल बाबा मंदिर में कलश पूजन और रूपापुर, मुंडेर व पाली में हुई पुष्पवर्षा।

By INA News Desk
Oct 1, 2026 - 23:22
4 Views
वडनगर से काशी तक निकली सेवा सुशासन यात्रा का भव्य स्वागत, कन्हैया लाल बाबा मंदिर में हुआ कलश पूजन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस तथा सार्वजनिक जीवन में उनके सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के 25 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जन्मस्थली वडनगर से कर्मभूमि काशी तक निकाली जा रही 'सेवा सुशासन यात्रा' का विधानसभा क्षेत्र में आगमन पर भव्य, आस्थापूर्ण और आत्मीय स्वागत किया गया।

वडनगर से शुरू होकर काशी तक जा रही यह यात्रा सेवा के संकल्प, सुशासन के विश्वास और राष्ट्र प्रथम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आगे बढ़ रही है।

विधानसभा क्षेत्र की सीमा में यात्रा के प्रवेश करते ही कौशिया स्थित कन्हैया लाल बाबा मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। इस दौरान विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार, मंगलाचरण एवं संपूर्ण विधि-विधान के साथ यात्रा के पवित्र कलश का पूजन किया गया।

मंदिर परिसर में संपन्न हुए इस मांगलिक कार्यक्रम से पूरा परिवेश भक्तिभाव, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से गुंजायमान हो उठा।

कलश पूजन के उपरांत यात्रा आगे बढ़ी, जहां मार्ग में पड़ने वाले रूपापुर, मुंडेर, खनिकलापुर एवं पाली आदि स्थानों पर स्थानीय नागरिकों, मातृशक्ति, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अभूतपूर्व उत्साह का परिचय दिया।

जगह-जगह सड़क किनारे खड़े होकर लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया और सुशासन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। नागरिकों की व्यापक भागीदारी, श्रद्धा और सहभागिता ने इस आयोजन को एक बड़े जन-आंदोलन का स्वरूप दे दिया। यात्रा के माध्यम से जनसेवा, विकास और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को घर-घर तक पहुंचाने की प्रेरणा दी जा रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow