UP : मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने जनगणना-2027 की स्वगणना प्रक्रिया में ऑनलाइन दर्ज कराई जानकारी, राष्ट्रीय कार्य में योगदान देने की अपील की
उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने जनगणना-2027 के अंतर्गत स्वगणना (Self Enumeration) प्रक्रिया में ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज की और प्रदेशवासियों से इसमें भाग लेने की अपील की।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने जनगणना-2027 के अंतर्गत संचालित स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता करते हुए सोमवार को ऑनलाइन माध्यम से अपनी व्यक्तिगत जानकारी दर्ज कर स्वगणना प्रपत्र भरा। इस पहल के माध्यम से उन्होंने प्रदेश के नागरिकों को डिजिटल जनगणना प्रक्रिया से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर मुख्य सचिव ने कहा कि जनगणना देश की एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है, जिससे प्राप्त सटीक आंकड़े देश और प्रदेश की विकास योजनाओं, नीतियों तथा विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी नियोजन और क्रियान्वयन में निर्णायक भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के आंकड़े भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और विकास की प्राथमिकताएं निर्धारित करने में भी सहायक होते हैं।

मुख्य सचिव ने प्रदेश के समस्त नागरिकों से अपील की कि वे इस राष्ट्रीय दायित्व को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए स्वगणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और सही व पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर राज्य और राष्ट्र के विकास में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि नागरिक जनगणना-2027 के तहत उपलब्ध स्वगणना सुविधा का अधिकाधिक लाभ उठाएं तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी और अपने परिवार की जानकारी सावधानीपूर्वक दर्ज करें।
कार्यक्रम के दौरान निदेशक, जनगणना संचालन उत्तर प्रदेश शीतल वर्मा ने मुख्य सचिव को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर मंडलायुक्त लखनऊ विजय विश्वास पंत सहित शासन व जनगणना निदेशालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?

