यूपी में बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा, राहत आयुक्त ने पीड़ितों से सीधा संवाद कर परखीं व्यवस्थाएं

राहत आयुक्त ने फर्रूखाबाद, बलिया और बहराइच के राहत शिविरों की वर्चुअल समीक्षा की। पीड़ितों से सीधा संवाद कर भोजन, दवा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

By INA News Desk
Aug 21, 2026 - 22:34
14 Views
यूपी में बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा, राहत आयुक्त ने पीड़ितों से सीधा संवाद कर परखीं व्यवस्थाएं

उत्तर प्रदेश के बाढ़ प्रभावित जनपदों में चलाए जा रहे राहत और बचाव कार्यों की वास्तविक स्थिति परखने के लिए राहत आयुक्त डॉक्टर हृषिकेश भास्कर यशोद ने फर्रूखाबाद, बलिया और बहराइच के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा की। उन्होंने राहत शिविरों में ठहरे प्रभावित परिवारों से सीधा संवाद स्थापित कर वहां उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की हकीकत जानी। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, गुणवत्तापूर्ण भोजन और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर कोताही न बरतने के कड़े निर्देश दिए।

राहत आयुक्त ने फर्रूखाबाद के रहमानिया इंटर कॉलेज स्थित शिविर में ठहरे अब्दुल गफ्फार खान से बातचीत की, जिन्होंने बताया कि उनके परिवार को समय से भोजन, स्वच्छ पानी और नियमित चिकित्सकीय सहायता मिल रही है। बहराइच के मिहींपुरवा स्थित कम्पोजिट विद्यालय आनंद नगर बरखड़िया शिविर के निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी मोनालिसा जौहरी और प्रभावित ग्रामीण शिवकुमार निषाद से बातचीत हुई। पानी कम होने पर अपने घरों को लौटने वाले परिवारों को प्रशासन की ओर से राशन किट और अन्य जरूरी सामान दिया जा रहा है।

बलिया के बैरिया स्थित गोपाल नगर टांडी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राहत शिविर की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए राहत आयुक्त ने पीड़ित पप्पू यादव से सीधी बात की। शिविरों में सुरक्षा व्यवस्था, समय पर भोजन और दवाओं की उपलब्धता की पुष्टि करते हुए राहत आयुक्त ने तीनों जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए विशेष प्रबंध लगातार जारी रहें, ताकि प्रभावित परिवारों को किसी भी प्रकार की परेशानी न उठानी पड़े।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow