वाराणसी में नमो बुक फेस्ट का आगाज: पीएम मोदी पर लिखी 500 से अधिक किताबों की प्रदर्शनी, सीएम योगी और अकी आबे पहुंचे
वाराणसी के रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में नमो बुक फेस्ट शुरू हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जापान की पूर्व प्रथम महिला अकी आबे ने प्रदर्शनी देखी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शीर्ष संवैधानिक पदों पर 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वाराणसी के सिगरा स्थित अंतरराष्ट्रीय रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में दो दिवसीय ‘नमो बुक फेस्ट’ का आयोजन शुरू हुआ। इस विशेष पुस्तक मेले में प्रधानमंत्री के लंबे सार्वजनिक जीवन, उनके नीतिगत फैसलों, विभिन्न संवैधानिक दायित्वों और राष्ट्र सेवा से जुड़ी कृतियों को प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में देश-विदेश के प्रख्यात लेखकों द्वारा उनके नेतृत्व और व्यक्तित्व पर लिखी गई 500 से अधिक पुस्तकें पाठकों और शोधार्थियों के अवलोकन के लिए रखी गई हैं।
कार्यक्रम में पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न प्रकाशनों द्वारा तैयार की गई इन पुस्तकों का गहनता से अवलोकन किया। इस दौरान जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की पत्नी अकी आबे भी उनके साथ मौजूद रहीं। अकी आबे ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित साहित्य में गहरी दिलचस्पी दिखाई और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन दर्शन व विचारों पर आधारित विभिन्न संस्करणों को देखा। भारत और जापान के प्रगाढ़ संबंधों के प्रतीक रुद्राक्ष केंद्र में विदेशी मेहमान की उपस्थिति आकर्षण का केंद्र रही।
आयोजन स्थल पर पहुंचने पर काउंसिल फॉर मीडिया एंड पब्लिक पॉलिसी रिसर्च (सीएमपीपीआर) के निदेशक एवं वरिष्ठ पत्रकार अशोक श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दो दिवसीय साहित्यिक महोत्सव के माध्यम से प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के निरंतर संवैधानिक सफर, उनके दूरगामी दृष्टिकोण और राष्ट्र के विकास में उनके ऐतिहासिक योगदान को आम जनमानस और युवा पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी, शोधार्थी और नागरिक इन दुर्लभ संकलनों को देखने पहुंच रहे हैं।
What's Your Reaction?