प्रदेश की कार्य संस्कृति में बदलाव स्पष्ट- सीएम योगी

By INA News Desk
Jul 20, 2024 - 21:56
83 Views
प्रदेश की कार्य संस्कृति में बदलाव स्पष्ट- सीएम योगी

फैमिली आईडी योजना को लेकर सीएम योगी ने दिए निर्देश

मुख्यमंत्री ने नियोजन विभाग के अधिकारियों के साथ की बैठक

लखनऊ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को  अपने सरकारी आवास पर नियोजन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें उन्होंने जिला घरेलू उत्पाद अनुमान उत्तर प्रदेश 2022-23 पुस्तिका के प्रकाशन के सम्बन्ध में आवश्यक दिशा निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार फैमिली आई0डी0 के माध्यम से लोगों के सुनियोजित विकास को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। फैमिली आई0डी0 के माध्यम से डाटा एकत्रीकरण के कार्य को आगे बढ़ाया जाए। डाटा को बेहतर तरीके से एकत्र किया जाए तथा अद्यतन डाटा को समय पर अपलोड कराया जाए। डाटा संग्रहण के कार्य में लगे कार्मिकों का उचित प्रशिक्षण कराया जाए। जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र का बेहतर डाटाबेस तैयार किया जाए। उत्तर प्रदेश अनन्त सम्भावनाओं का प्रदेश है। उत्तर प्रदेश का सकल राज्य घरेलू उत्पाद वर्ष 2023-24 में 25.48 लाख करोड़ रुपए रहा है, जो वर्ष 2022-23 में 22.58 लाख करोड़ रुपए था। वर्ष 2023-24 में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था 08 प्रतिशत की वृद्धि से आगे बढ़ रही है। राज्य सरकार के विगत सात वर्षों के नियोजित प्रयासों के परिणामस्वरूप इसमें और वृद्धि की सम्भावना है।

इसे भी पढ़ें - 'कैंसर ट्रेन' खेती में अत्यधिक फर्टिलाइजर का परिणाम है - सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जिला घरेलू उत्पाद अनुमान उत्तर प्रदेश 2022-23 पुस्तिका में उत्तर प्रदेश की जी0एस0डी0पी0, जनपद की डी0डी0पी0 व प्रदेश में प्रतिशत अंश तथा जनपद व प्रदेश की वार्षिक वृद्धि, जनपद की प्रति व्यक्ति आय, उत्तर प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय, जनपद और उत्तर प्रदेश की तुलनात्मक स्थिति जैसे आंकड़ों का समावेश किया जाए। इस पुस्तिका को प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों व कृषि विज्ञान केंद्रों को भी प्रेषित किया जाए तथा उनसे संवाद स्थापित करते हुए इन आंकड़ों के आधार पर शोध कार्य आगे बढ़ाए जाएं। प्रदेश सरकार विलेज जी0डी0पी0, डिस्ट्रिक्ट जी0डी0पी0 की दिशा में आगे बढ़ रही है, क्योंकि पंचायतें व नगरीय निकाय हमारे विकास का आधार हैं। कृषि क्षेत्र में विकास की अपार संभावनाएं विद्यमान हैं। पंचायतों व नगरीय निकायों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। विगत सात वर्षों में उत्तर प्रदेश में इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट की दिशा में अभूतपूर्व कार्य किये गये हैं तथा अर्बनाइजेशन भी तेजी से बढ़ा है। परिणामस्वरूप लोगों की प्रति व्यक्ति आय में बढ़ोत्तरी हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक आत्मनिर्भर समाज ही आत्मनिर्भर भारत का आधार बनेगा। प्रदेश में विगत 07 वर्षों में हर क्षेत्र में व्यापक बदलाव हुए हैं। प्रदेश की कार्य संस्कृति में बदलाव स्पष्ट दिखाई दे रहा है। देश में कैपिटल एक्सपेंडिचर के मामले में उत्तर प्रदेश प्रथम स्थान पर है। अन्य राज्यों की तुलना उत्तर प्रदेश इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट में सर्वाधिक बजट खर्च करता है। तकनीक के समावेश तथा भ्रष्टाचार मुक्त शासन व्यवस्था के कारण विगत 07 वर्षों में प्रदेश के राजस्व में बढ़ोत्तरी देखी जा सकती है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement