Lucknow News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीन दिवसीय सफल संयुक्त राज्य अमेरिका दौरे के लिए दी बधाई। 

पीएम मोदी के अमेरिका दौरे ने वैश्विक मंच पर भारत की छवि को और भी सशक्त, सकारात्मक और परिवर्तनकारी बनाया: सीएम योगी

By INA News Desk
Sep 25, 2024 - 13:56
84 Views
Lucknow News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीन दिवसीय सफल संयुक्त राज्य अमेरिका दौरे के लिए दी बधाई। 

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके सफल तीन दिवसीय संयुक्त राज्य अमेरिका दौरे के लिए बधाई दी है। उन्होंने अमेरिका में प्रधानमंत्री की कूटनीति की सराहना करते हुए कहा कि इस दौरे ने वैश्विक मंच पर भारत की छवि को और भी सशक्त, सकारात्मक और परिवर्तनकारी बनाया है। 

  • ब्रांड भारत को मिली मजबूती

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अमेरिका के तीन दिवसीय अत्यंत सफल दौरे के उपरांत भारत लौट रहे हैं। प्रधानमंत्री जी का यह अमेरिका दौरा न केवल वैदेशिक नीति की दृष्टि से अत्यंत सफल रहा है, बल्कि वैश्विक पटल पर 'ब्रांड भारत' को और विश्वसनीय बनाने वाला सिद्ध हुआ है।

  • भारतीय ऋषि परंपरा का किया निर्वहन

सीएम योगी ने आगे कहा, क्वाड लीडर्स समिट में आयोजित 'कैंसर मूनशॉट' कार्यक्रम में प्रधानमंत्री जी ने इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ लड़ाई को मजबूत करने के लिए 7.5 मिलियन डॉलर की सहायता और 40 मिलियन वैक्सीन खुराक देने की प्रतिबद्धता जताई। प्रधानमंत्री जी का यह कदम भारतीय ऋषि परंपरा 'सर्वे संतु निरामया:' के भाव को ही प्रदर्शित करता है। इस दौरान सिलिकॉन डिप्लोमेसी का भी अद्भुत उदाहरण देखने को मिला है। एक ऐतिहासिक सहयोग के तहत, अमेरिकी सेना और भारत ने मिलकर "शक्ति" सेमीकंडक्टर विनिर्माण संयंत्र शुरू किया है। क्वाड समूह के भीतर अपनी तरह की यह पहली साझेदारी भी है।

  • सांस्कृतिक नवजागरण का साक्षी बन रहा भारत

सीएम योगी ने कहा, पूर्व की भांति इस अमेरिकी यात्रा में भी प्रधानमंत्री जी के प्रयासों से दुर्लभ भारतीय कलाकृतियां वापस आई हैं। इनमें एक मूर्ति चार हज़ार साल पुरानी है। अब तक अमेरिका से 578 कलाकृतियां भारत लाई जा चुकी हैं। निःसंदेह प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में आज अमृतकाल में पूरा भारत सांस्कृतिक नवजागरण का साक्षी बन रहा है।

  • एमएसएमई सेक्टर को मिलेगा बूस्ट

सीएम योगी ने अमेरिका दौरे के दौरान भारत और अमेरिका के बीच सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम को बढ़ाने के लिए हुए विशेष समझौते का जिक्र करते हुए कहा कि यह समझौता प्रधानमंत्री जी के आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का द्योतक है। उत्तर प्रदेश जैसे राज्य के एमएसएमई सेक्टर को इससे बड़ा बूस्ट मिलेगा। 

  • राष्ट्र विरोधी कृत्य कर रहा विपक्ष

उन्होंने विपक्ष पर करारा कटाक्ष करते हुए कहा, वास्तव में कोरोनाकाल के बाद एक नया जियो पॉलिटिकल इक्वेशन तेजी से आगे बढ़ा है। बहुध्रुवीय हो चुकी विश्व राजनीति में भारत के बिना कोई भी वैश्विक समूह अधूरा माना जा रहा है। एक तरफ प्रधानमंत्री जी एक बार पुनः भारत को विश्वगुरु बनने की लक्ष्य की दिशा में कार्य कर रहे हैं, दूसरी ओर विपक्ष के नेता हैं जो राष्ट्र विरोधी ताकतों की कठपुतली बनकर देश की छवि धूमिल कर रहे हैं। विपक्ष के नेता भारत की मूल विचारधारा का विरोध करते-करते अब राष्ट्र विरोधी हो गए हैं। 

  • पीएम मोदी ग्लोबल लीडर भारत के शिल्पी

सीएम योगी ने पीएम की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज युद्धग्रस्त राष्ट्रों के नेतृत्व भी यदि किसी समाधानकारी हस्तक्षेप पर भरोसा करते हैं तो वह प्रधानमंत्री मोदी जी हैं। बीते एक दशक में विश्व पटल पर उभरे इस ग्लोबल लीडर भारत के शिल्पी हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी हैं। एक बार फिर, ब्रांड भारत को विश्वसनीय पहचान दिलाने के लिए, वैश्विक पटल पर मां भारती को गौरववर्धित करने के लिए, भारत का श्रीवर्धन करने के लिए, प्रधानमंत्री जी का हार्दिक आभार।  

Also Read- समाज की आधार शक्ति है ओबीसी वर्ग, हर सेक्टर में है इस वर्ग का योगदान: मुख्यमंत्री

  • सोशल मीडिया के माध्यम से भी दी बधाई

सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी पीएम मोदी को बधाई दी। उन्होंने लिखा, प्रधानमंत्री मोदी जी की उत्कृष्ट कूटनीति ने वैश्विक पटल पर भारत की छवि को सशक्त, सकारात्मक, परिवर्तनकारी, विकासोन्मुखी और कुशल नेतृत्वकर्ता के रूप में मजबूत किया है। आपके यशस्वी नेतृत्व में भारत की सनातन संस्कृति का संदेश 'एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य' पूरे विश्व में गूंज रहा है।

क्वॉड समिट "मोदी एंड यूएस" मेगा कम्यूनिटी इवेंट में आपके लोक-कल्याणकारी, निर्माणकारी विजन ने 'नए भारत' को दुनिया में वैश्विक चुनौतियों के सापेक्ष समाधान के रूप में स्थापित किया है। भारत-अमेरिका मैत्री को नए आयाम देने और वैश्विक क्षितिज पर देश को नई ऊंचाइयां प्रदान करने हेतु आपका हार्दिक आभार प्रधानमंत्री जी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement