Special Article: भारत- नेपाल संबंधों में नयी ऊर्जा  

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह अपनी पहली विदेश यात्रा में परिपक्व कूटनीतिक दूरदर्शिता का परिचय देते हुए भारत की दो दिवसीय

By INA News Desk
Nov 26, 2026 - 12:53
8 Views
Special Article: भारत- नेपाल संबंधों में नयी ऊर्जा  
Advertisement
Advertisement

लेखक- मृत्युंजय दीक्षित

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह अपनी पहली विदेश यात्रा में परिपक्व कूटनीतिक दूरदर्शिता का परिचय देते हुए भारत की दो दिवसीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। इस यात्रा से भारत -नेपाल संबंधों को एक नयी ऊर्जा मिलेगी।  इस यात्रा के दौरान भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के मध्य बहु प्रतीक्षित द्विपक्षीय वार्ता तथा भारत और नेपाल के मध्य आठ ऐतिहासिक समझौते संपन्न हुए। 
नेपाल और भारत के पारस्परिक संबंध सांस्कृतिक, सामाजिक और राजनैतिक तीनों दृष्टियों महत्वपूर्ण हैं। नेपाल में सत्ता परिवर्तन के पूर्व प्रधानमंत्री रहे के. पी. शर्मा ओली तथा अन्य चीन परस्त माने जाते थे अतः नए प्रधानमंत्री बालेन शाह के रुख की सभी को प्रतीक्षा थी। नई विचारधारा के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए भारत को चुना यह सुखद है। इस अवसर पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सामाजिक व सांस्कृतिक संबंधों को नया आयाम देते हुए कहा कि भारत के धाम और अयोध्या के राम नेपाल के बिना अधूरे हैं जबकि नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नेपाल यात्रा के लिए आमंत्रित करते हुए भारत की आम जनता को नेपाल के धामों की यात्रा के लिए आमंत्रित किया। नेपाल की अर्थव्यवस्था का एक बहुत बड़ा हिस्सा पर्यटन पर आधारित रहा है किंतु विगत समय की राजनैतिक अस्थिरता व प्राकृतिक आपदाओं के कारण उसको बहुत नुकसान हुआ है। भगवान पशुपतिनाथ और जनकनंदिनी के भारतीय भक्त नेपाल के पर्यटन को पुनः समृद्ध कर सकते हैं। इसी के दृष्टिगत अयोध्या धाम और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच साप्ताहिक ट्रेन आरम्भ की गयी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। यह ट्रेन सप्ताह में अभी केवल एक दिन ही चलेगी किंतु बाद में यह नियमित भी हो जाएगी। ट्रेन का नाम सरयू कमला एक्सप्रेस रखा गया है क्योंकि अयोध्या जहां सरयू नदी के तट पर स्थित है जबकि नेपाल का जनकपुर धाम कमला नदी के किनारे स्थित है।
द्विपक्षीय वार्ता  के बाद भारत और नेपाल ने आठ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए। इनमें सिविल सेवा क्षमता प्रशिक्षण, अंतरिक्ष अनुसंधान, स्वास्थ्य और चिकित्सा, शहरी विकास तथा आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा जैसे  क्षेत्र हैं। भारत ने अगस्त 2026 में नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा से नष्ट हुए क्षेत्रों  में पुर्ननिर्माण के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपए यानी लगभग 15,000 करोड़ भारतीय रुपए के बराबर आर्थिक सहायता पैकेज की घोषणा की है। 
भारत और नेपाल के मध्य हुए समझौतों से वहां की नई पीढ़ी में भारत विरोधी भावना को थामने के प्रबंध किए  जा रहे हैं। इसके दृष्टिगत भारत नेपाल में वहां के युवाओं के लिए आईआईटी कैंपस स्थापित करेगा। नेपाल में स्टार्टअप इनक्यूबेटर और इनोवेशन हब भी बनाया जाएगा। इसका उद्देश्य नेपाल के युवाओं को उच्च तकनीक, शिक्षा शोध और  उद्यमिता के बेहतर अवसर देना है।  प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि  भारत नेपाल के युवाओं की प्रतिभा और उनके सपनों को साकार करने मे भागीदार बनना चाहता है। भारत ने नेपाल में  फूड प्रोसेसिंग और वैल्यू एडिशन को बढ़ावा देने के लिए एग्रो इंडस्ट्रियल पार्क बनाने में भी मदद करने की घोषणा की है। 
प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल के साथ  सांस्कृतिक रिश्तों को प्रगाढ़ता  प्रदान करने के लिए नेपाली प्रधानमंत्री बालें शाह को कलमकारी संपूर्ण रामायण पेंटिग, चन्दन पेटिका में रखा बनारसी ब्रोकेड स्टोल और गंगाजल कलश  भेंट किया, वहीं नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह  ने भारत के प्रधानमंत्री को रूद्राक्ष की माला भेंट की जिसका अपना महत्व है। 
नेपाल के प्रधानमंत्री ने भारत की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत ही एकमात्र ऐसा देश है जो नेपाल की  हर संभव सहायता के लिए सदा तत्पर रहता है। उन्होंने अगस्त -2026 में आई विभीषिका के दौरान तवरित सहायता प्रदान करने के  लिए भारत को धन्यवाद दिया। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की यह यात्रा भविष्य में भारत -नेपाल संबंधों में नयी ऊर्जा भरने की दिशा में अहम पड़ाव साबित होगी ऐसा अनुमान है।   

Also Read- Special Article: देश का नया संकल्प -हम करके रहेंगे

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement