हरदोई न्यूज़: सड़क निर्माण कार्य में हो रही देरी से लोगों में आक्रोश। 

Jul 2, 2024 - 18:33
86 Views
हरदोई न्यूज़: सड़क निर्माण कार्य में हो रही देरी से लोगों में आक्रोश। 

हरदोई। प्रधानमंत्री सड़क ग्राम योजना के तहत लखनऊ पलिया मार्ग हाईवे से ज्ञानपुर चौराहा से गौहानी संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। जिसकी शिकायत सामाजिक कार्यकर्ता हेमंत कुमार सिंह निवासी कामीपुर ने उच्च अधिकारियों से की है। इस मार्ग से दर्जनों गांवों के राहगीरों का प्रतिदिन आवागमन रहता है।

बताते चले विकासखंड कछौना की लखनऊ पलिया मार्ग के ज्ञानपुर चौराहा से गौहानी संपर्क मार्ग आवागमन हेतु मुख्य मार्ग है। इस मार्ग से ग्राम सभा कामीपुर, ज्ञानपुर, धंधार, मंडिलहिया, आरखतलिया, जब्बर खेड़ा, अवसेरी खेड़ा, गौहानी, नौवाखेड़ा, बरुआहार, संपहैया, मुसलमानाबाद व संडीला से मल्लावा मार्ग को जोड़ती है। इस मार्ग से सैकड़ो  लोगों नौनिहालों का प्रतिदिन आवागमन रहता है।

इस मार्ग की जर्जर हालात के विषय में सामाजिक कार्यकर्ता हेमंत कुमार सिंह, दुर्गेश सिंह, ग्राम प्रधान मदन सिंह, ग्राम प्रधान कप्तान, अधिवक्ता संत कुमार यादव आदि जागरूक लोगों ने शासन प्रशासन से गुहार लगाई। जनप्रतिनिधि क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा व सांसद अशोक रावत के प्रयास से यह मार्ग प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चयनित कर लिया गया। धनराशि भी स्वीकृत हो गई।कार्य शुरू हो गया हैं। कार्य की शुरुआत 24 जुलाई 2022 से शुरू हो गया। कार्य युद्ध स्तर पर शुरू हो गया।

सड़क की गुणवत्ता, मेंटेनेंस, पुलिया निर्माण, समतल कार्य, आबादी क्षेत्र में नाली निर्माण, आबादी क्षेत्र में आरसीसी समतल करके दो इंच की लगभग सीमेंट डालने का कार्य, उसके बाद डामर डालने आदि का कार्य नई तकनीक एफडीआर के तहत गुणवत्तापरक सड़क बननी होती है।यह नई तकनीक से गुणवत्तापरक सड़क बनती है। इस टेक्नोलॉजी में अलग से खनिजों का उपयोग नहीं होता है। पांच वर्ष मेंटेनेंस का कार्य की  जिम्मेदारी कार्यदाई संस्था की होती है।

इस सड़क के निर्माण कार्य अवधि 23 अगस्त 2023 जनसूचना बोर्ड पर दर्शाई गई है। इस सड़क का निर्माण कार्य बंद चल रहा है, जो सड़क पर मैटेरियल डाला गया था, वह उखड़ गया है। कंकड, छोटे-छोटे पत्थर ऊपर आ गए हैं। जिससे आवागमन में आए दिन दुर्घटना हो रही हैं। कई लोगों के आंख में कंकड लग जाने से घायल हो चुके हैं। वही हमेशा गड्ढे होने व कंकड पड़े होने के कारण दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। सबसे ज्यादा बुजुर्ग, नौनिहालों, गंभीर मरीजों को परेशानी उठानी पड़ती है। जिससे लोगों में काफी आक्रोश है। 

विभागीय अधिकारियों ने बताया कार्य नाली निर्माण चल रहा है। बरसात के मौसम में डामर का कार्य प्रभावित हो जाता है। शेष कार्य नाली निर्माण आदि कराए जा रहे हैं। पुलिया निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके हैं। क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा ने बताया मामला संज्ञान में है। विभागीय अधिकारियों से वार्ता करके कार्य शीघ्र कराते हैं। कार्य प्रगति धीमी होने पर दोषी कर्मचारियों पर कार्यवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow