10 वर्ष में काशी में 44 हजार करोड़ की परियोजनाएं हुईं स्वीकृतः सीएम योगी

सीएम योगी ने कहा कि 10 वर्ष में केवल काशी में ही 44 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं। 34 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 10 हजार करोड़  से अधिक की परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं।

By INA News Desk
Oct 21, 2024 - 00:14
66 Views
10 वर्ष में काशी में 44 हजार करोड़ की परियोजनाएं हुईं स्वीकृतः सीएम योगी
Advertisement
Advertisement

सार-

  • मुख्यमंत्री ने वाराणसी से देश व काशी के लिए आयोजित विकास परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास समारोह को किया संबोधित 
  • 34 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाएं हो चुकीं पूर्ण, 10 हजार करोड़ से अधिक की निर्माणाधीनः मुख्यमंत्री
  • बोले- सौभाग्य है कि नए भारत के नेतृत्वकर्ता  नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश की काशी से करते हैं देश का प्रतिनिधित्व
  • दीपावली के पहले पीएम के करकमलों से काशीवासियों,  प्रदेशवासियों व देशवासियों को मिल रहा उपहारः सीएम 

Varanasi News INA.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक ओर जहां इंफ्रास्ट्रक्चर में रोजगार के नए-नए माध्यम सृजित हुए हैं, वहीं दूसरी ओर देश के अंदर आम नागरिक के जीवन से जुड़ी स्वास्थ्य, शिक्षा व अन्य योजनाएं भी नए रूप में देखने को मिली हैं। सौभाग्य है कि नए भारत के नेतृत्वकर्ता के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश के काशी से देश का प्रतिनिधित्व करते हैं। अपनी आध्यात्मिक व सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए नए काया और कलेवर के रूप में 10 वर्ष में बदलती  काशी को  पूरा देश-दुनिया देख रही है। सीएम योगी ने कहा कि 10 वर्ष में केवल काशी में ही 44 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं। 34 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 10 हजार करोड़  से अधिक की परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। दीपावली के ठीक पहले आज काशीवासियों को 3200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उपहार प्राप्त हो रहा है। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में आयोजित लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित किया। सीएम ने अंगवस्त्र ओढ़ाकर व स्मृति चिह्न प्रदान कर प्रधानमंत्री का स्वागत किया।

10 वर्ष में हमने एक भारत-श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को साकार होते देखा 
सीएम योगी ने कहा कि 10 वर्ष में हमने बदलते हुए नए भारत को देखा है। एक भारत, श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को साकार होते और मूर्त रूप लेते देखा है। भारत ने प्रत्येक क्षेत्र में विकास के नित नए प्रतिमान स्थापित किए हैं। रोड, एयर कनेक्टिविटी, वाटरवे या रेलवे-पब्लिक ट्रांसपोर्ट, नगरीय क्षेत्रों की मेट्रो व रैपिड रेल की सुविधा हो, प्रत्येक क्षेत्र में इंफ्रास्ट्रक्चर का आज आधुनिक मॉडल देखने को मिला है। दीपावली के ठीक पहले पीएम के करकमलों से काशीवासियों, प्रदेशवासियों और देशवासियों को 6700 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उपहार प्राप्त हो रहा है। 

सीएम ने हरियाणा की जीत पर बधाई दी तो लोकार्पण-शिलान्यास पर जताया आभार
सीएम योगी आदित्यनाथ ने हरियाणा की ऐतिहासिक विजय पर प्रदेशवासियों व काशीवासियों की तरफ से पीएम का स्वागत-अभिनंदन किया। सीएम योगी ने कहा कि पीएम के करकमलों से काशी में एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन के शिलान्यास, आगरा में नए एयरपोर्ट के शिलान्यास व सहारनपुर के सरसावा एयरपोर्ट के लोकार्पण हो रहा है। इसके लिए सहारनपुर व आगरा के नागरिकों की तरफ से आभार प्रकट करता हूं। 

समारोह में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, योगी सरकार के मंत्री सुरेश खन्ना, अनिल राजभऱ, रवींद्र जायसवाल, गिरीश चंद्र यादव, दयाशंकर मिश्र 'दयालु', महापौर अशोक तिवारी, विधायक नीलकंठ तिवारी, सौरभ श्रीवास्तव,  टी. राम, डॉ. अवधेश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement