अरवल। थाना क्षेत्र के एक गांव में 15 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर और पुलिस अधीक्षक (SP) के आदेश के बाद आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म तथा जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।
खेत से लौटते समय की वारदात
दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना 19 जुलाई की शाम लगभग 6 बजे की है। किशोरी खेत में धान लगाकर वापस अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान पूर्व प्रधान के खेत के पास, जहां ज्वार की फसल खड़ी थी, गांव के ही कुलदीप सिंह नामक युवक ने उसे घेर लिया। आरोप है कि युवक ने किशोरी को धमकाते हुए जबरन ज्वार के खेत में खींच लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
धमकी के डर से साधी चुप्पी
घटना के बाद आरोपी ने किशोरी को धमकी दी कि यदि उसने इस बारे में घर या गांव में किसी को बताया तो उसके पिता और भाई को जान से मार दिया जाएगा। इस डर से किशोरी ने शुरू में किसी को कुछ नहीं बताया। हालांकि, बाद में उसने हिम्मत जुटाकर आपबीती अपने परिजनों को सुनाई।
SP के हस्तक्षेप के बाद कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पहुंचे, लेकिन आरोप है कि शुरुआती दौर में पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई। SP के कड़े निर्देश के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी कुलदीप सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।मंगलवार को अरवल थाना अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और मामले की अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी है।