Hardoi News: लापरवाही पर कोतवाल समेत तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर, दो नए थाना प्रभारियों को मिली नई तैनाती

हरदोई में गश्त न करने और भ्रष्टाचार के आरोपों पर कोतवाल समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है। सांडी और देहात थाने में नए प्रभारियों की तैनाती हुई।

Aug 11, 2026 - 23:43
6 Views
Hardoi News: लापरवाही पर कोतवाल समेत तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर, दो नए थाना प्रभारियों को मिली नई तैनाती
SP HARDOI ASHOK KUMAR MEENA

हरदोई जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और पुलिस महकमे में अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ने बड़ी कार्रवाई की है। लापरवाही बरतने और अनैतिक आचरण के गंभीर आरोपों के चलते कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। इसके साथ ही दो पुलिस थानों में नए प्रभारियों की तैनाती भी की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली देहात क्षेत्र में प्रभावी ढंग से गश्त न करने और पदीय दायित्वों के प्रति शिथिलता बरतने के कारण क्षेत्र में चोरी की वारदात सामने आई थी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने प्रभारी निरीक्षक हरिनाथ को तत्काल प्रभाव से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया है।

इसके अलावा, इसी थाने में तैनात आरक्षी अभिन्न और आरक्षी सत्येंद्र पर अनुचित लाभ प्राप्त करने की नीयत से थाने पर अनाधिकृत रूप से लोगों को बैठाने के गंभीर आरोप लगे थे। कार्य में घोर लापरवाही और अनैतिक आचरण की शिकायतें सही पाए जाने पर दोनों आरक्षियों के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें लाइन हाजिर कर दिया गया है।

प्रशासनिक फेरबदल के तहत जनपदीय पुलिस स्थापना बोर्ड की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार नए थाना प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक पुष्पराज कुशवाहा को सांडी थाने का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। वहीं सांडी थाने के प्रभारी निरीक्षक समर बहादुर सिंह को कोतवाली देहात थाने की कमान सौंपी गई है।

पुलिस महकमे की ओर से जिले के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी गई है कि कर्तव्यों के प्रति किसी भी प्रकार की उदासीनता या लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। आदेश का उल्लंघन करने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कदम उठाए जाएंगे।

Also Click : Ballia News: विनोद राय के परिजनों को न्याय दिलाना प्राथमिकता, पूर्व मंत्री नारद राय ने की निष्पक्ष जांच की मांग

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow