Deoband News: दारुल उलूम में जल चढ़ाने के ऐलान के बाद अलर्ट पर रही पुलिस, सामान्य रहे हालात

दारुल उलूम में जल चढ़ाने के हिंदू रक्षा दल के ऐलान के बाद पुलिस-प्रशासन मुस्तैद रहा। आयोजक के न पहुंचने से क्षेत्र में पूरी तरह शांति बनी रही।

Aug 11, 2026 - 21:52
6 Views
Deoband News: दारुल उलूम में जल चढ़ाने के ऐलान के बाद अलर्ट पर रही पुलिस, सामान्य रहे हालात

इस्लामी शिक्षण संस्थान दारुल उलूम देवबंद में जल चढ़ाने के हिंदू रक्षा दल उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा के ऐलान को लेकर पुलिस और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड पर रहा। हालांकि पूर्व घोषित कार्यक्रम के बावजूद ललित शर्मा देवबंद नहीं पहुंचे, जिसके चलते कस्बे में स्थिति पूरी तरह सामान्य रही और शांति व्यवस्था बनी रही।

प्रशासनिक तैयारियों के तहत दारुल उलूम के मुख्य द्वार और आसपास के संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। स्थानीय अधिकारियों के साथ खुफिया विभाग की टीमें भी लगातार भ्रमण कर सुरक्षा स्थिति पर नजर बनाए रखीं। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से निपटने के लिए प्रवेश मार्गों पर चेकिंग भी की गई।

इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें उत्तराखंड पुलिस के अधिकारी ललित शर्मा को देवबंद की ओर आगे बढ़ने से रोकते नजर आ रहे हैं। वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि वह कानून की सीमाओं का पालन करते हैं और लाया गया जल फिलहाल अपने कार्यालय में रखेंगे। उन्होंने कहा कि भविष्य में स्थिति अनुकूल होने पर ही आगे का निर्णय लिया जाएगा।

पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार पूरे क्षेत्र में स्थिति शांतिपूर्ण रही। एहतियात के तौर पर पुलिस बल की गश्त जारी रखी गई है और किसी भी भ्रामक अफवाह को फैलने से रोकने के लिए सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जा रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow