Deoband News: देवबंद में अलग-अलग हादसों में दो कांवड़ियों समेत तीन लोग घायल
देवबंद में सहारनपुर-मुजफ्फरनगर हाईवे पर हुए दो अलग-अलग हादसों में हरिद्वार से लौट रहे दो कांवड़ियों समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया।
देवबंद क्षेत्र में सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर हुए दो अलग-अलग हादसों में दो कांवड़ियों समेत तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया। प्राथमिक चिकित्सा के बाद दो घायलों को छुट्टी दे दी गई है।
पहली घटना नवीन मंडी स्थल के पास की है। मुजफ्फरनगर जिले के नई मंडी थाना क्षेत्र स्थित पचेड़ा गांव के रहने वाले आकाश (20 वर्ष) और मोनू (18 वर्ष) बाइक से हरिद्वार से जल लेकर लौट रहे थे। मंडी के पास पहुंचते ही अचानक उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर चोटिल हो गए। गश्त कर रही पुलिस ने तुरंत दोनों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें घर जाने की अनुमति दे दी।
वहीं दूसरी घटना श्री साईंधाम मंदिर के समीप हुई। मेरठ की कांशीराम कॉलोनी का निवासी सुनील (36 वर्ष) अपने बाइक रेहड़े में सामान लादकर सहारनपुर से वापस लौट रहा था। तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने रेहड़े में जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में सुनील घायल हो गया। राहगीरों और पुलिस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया। संबंधित चौकी प्रभारी रोब्लिस कुमार ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष से शिकायत पत्र प्राप्त नहीं हुआ है, शिकायत मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?



