Ballia News: विनोद राय के परिजनों को न्याय दिलाना प्राथमिकता, पूर्व मंत्री नारद राय ने की निष्पक्ष जांच की मांग
बलिया में नरही थाना कांड के विनोद राय की पुण्यतिथि पर पूर्व मंत्री नारद राय ने प्रेस वार्ता की। उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और जांच की मांग की।
Report- Syed Asif Hussain Zaidi
नरही थाना क्षेत्र के चर्चित घटनाक्रम में जान गंवाने वाले विनोद राय की दसवीं पुण्यतिथि की पूर्व संध्या पर पूर्व मंत्री नारद राय ने एक पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि परिवार सहमति जताता है तो वे मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की गुहार लगाने के लिए परिजनों के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात करने को भी तैयार हैं।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि लंबे समय के बाद भी पीड़ित परिवार को न्याय न मिल पाना चिंताजनक है। मामले के कई गवाहों द्वारा पुलिस के पक्ष में बयान दिए जाने पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पूरे प्रकरण की नए सिरे से निष्पक्षता के साथ जांच कराए जाने की आवश्यकता जताई, ताकि सच सामने आ सके और दोषियों को सजा मिल सके।
अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए पूर्व मंत्री ने बताया कि घटना के समय वे राज्य सरकार में मंत्री पद पर थे और उन्होंने अपने स्तर से हर संभव सहयोग किया था। वर्तमान में वे भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में समाज हित के लिए प्रयासरत हैं और आगे भी पीड़ित परिवार की बात को हर मंच पर प्रमुखता से रखेंगे। उन्होंने दोहराया कि यह प्रयास किसी राजनीतिक दल के विरुद्ध न होकर सत्य और सम्मान की पुनर्स्थापना के लिए है।
श्रद्धांजलि दिवस से ठीक पहले दिए गए इस वक्तव्य के बाद स्थानीय स्तर पर राजनीतिक चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं। इस दौरान मुन्ना बहादुर, अनिल राय, श्याम बिहारी राय और टुनटुन राय सहित कई स्थानीय नेता व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
What's Your Reaction?



