सहारनपुर पहुंचे एडीजी भानु भास्कर, मां शाकंभरी देवी मेला सुरक्षा का लिया जायजा
सहारनपुर पहुंचे एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर। मां शाकंभरी देवी मंदिर में लगने वाले ऐतिहासिक मेले की सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन का लिया स्थलीय जायजा।
शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी पर लगने वाले प्रसिद्ध और ऐतिहासिक मेले को लेकर प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मेले में जुटने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और बेहतर नागरिक सुविधाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर सहारनपुर पहुंचे।

बेहट तहसील परिसर पहुंचने पर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान कमिश्नर डॉ. रूपेश कुमार, डीआईजी अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन तथा एसडीएम सुबोध कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनकी अगवानी की। तहसील परिसर में पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
औपचारिकताओं के बाद एडीजी भानु भास्कर प्रशासनिक अमले के साथ मां शाकंभरी देवी परिक्षेत्र के लिए रवाना हो गए। सिद्धपीठ परिसर और मेला क्षेत्र में सुरक्षा घेरे, आपातकालीन व्यवस्था, श्रद्धालुओं के प्रवेश व निकास मार्ग, वाहनों की पार्किंग तथा यातायात नियंत्रण का स्थलीय मुआयना किया जा रहा है।

नौ दिनों तक चलने वाले इस विशाल मेले में उत्तर प्रदेश के अलावा हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड और दिल्ली सहित कई राज्यों से बड़ी तादाद में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। भारी भीड़ के मद्देनजर किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और घाटों व रास्तों पर सतत चौकसी के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमें हर बिंदु पर पैनी नजर बनाए हुए हैं ताकि भक्तों को सुरक्षित और सुगम दर्शन की सुविधा मिल सके।
What's Your Reaction?