खेतों में सौर ऊर्जा उत्पादन से बढ़ेगी किसानों की आय, भारत मंडपम में बोले कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही

7वें एग्रीवोल्टिक्स विश्व सम्मेलन में बोले यूपी के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही। सोलर प्लांट लगाने पर भी सुरक्षित रहेगा जमीन का मालिकाना हक, बुंदेलखंड-विंध्य पर विशेष जोर।

By INA News Desk
Oct 23, 2026 - 00:01
6 Views
खेतों में सौर ऊर्जा उत्पादन से बढ़ेगी किसानों की आय, भारत मंडपम में बोले कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही
Advertisement
Advertisement

नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित 7वें एग्रीवोल्टिक्स विश्व सम्मेलन-2026 में उत्तर प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने प्रतिभाग किया। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में कृषि और सौर ऊर्जा के समन्वय (एग्रीवोल्टिक्स) पर आधारित आधुनिक तकनीकों, अन्नदाताओं की आय में संवर्धन, हरित ऊर्जा के विस्तार और टिकाऊ कृषि प्रबंधन पर गहन मंथन हुआ। सम्मेलन को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री ने प्रदेश में अक्षय ऊर्जा के प्रसार और किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए संचालित राज्य सरकार की नीतियों का विस्तृत खाका प्रस्तुत किया।

कृषि मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश की खाद्य सुरक्षा का मुख्य आधार स्तंभ है और खाद्यान्न उत्पादन में निरंतर अग्रणी बना हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार ने एग्रीवोल्टिक्स को प्रोत्साहन देने के लिए पूरी तरह पारदर्शी और कृषक-अनुकूल नीति लागू की है। सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना हेतु भूमि लीज पर दिए जाने की दशा में भी जमीन का मालिकाना हक शत-प्रतिशत संबंधित किसान के पास ही सुरक्षित रहेगा। इसके साथ ही प्रदेश में निजी नलकूपों को सौर ऊर्जा से आच्छादित कर किसानों को सिंचाई व्यय से मुक्त करने और ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में त्वरित गति से कार्य किया जा रहा है।

भौगोलिक परिस्थितियों की चर्चा करते हुए कृषि मंत्री ने बताया कि प्रचुर सौर विकिरण के चलते बुंदेलखंड और विंध्य क्षेत्र में सौर ऊर्जा उत्पादन की असीम संभावनाएं विद्यमान हैं। खेतों में ऊंचे खंभों पर सोलर पैनल स्थापित कर उनके नीचे उपलब्ध स्थान पर दलहन, तिलहन, पुष्प उत्पादन तथा प्राकृतिक व जैविक खेती को सुगमता से बढ़ावा दिया जा सकता है। उन्होंने अवगत कराया कि चालू वित्तीय वर्ष में राज्य सरकार ने पीएम-कुसुम योजना तथा कृषि पंपों के सोलराइजेशन के लिए भारी-भरकम बजट की व्यवस्था की है। उन्होंने केंद्रीय मंत्रालय से योजना की विस्तृत अधिसूचना शीघ्र जारी करने का आग्रह किया, जिससे धरातल पर क्रियान्वयन तेज कर अधिक से अधिक किसानों को लाभ पहुंचाया जा सके।

इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा, ओडिशा के उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव, मध्य प्रदेश के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, बिहार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार सहित केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, यूपी कृषि विभाग के अपर कृषि निदेशक डॉ. एल. बी. यादव, यूपीनेडा के प्रतिनिधि और प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement