यूपी विधान परिषद की 11 सीटों पर मतदान आज, 72 जिलों में 14.81 लाख मतदाता करेंगे फैसला

यूपी विधान परिषद के 05 स्नातक व 06 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 72 जिलों में मतदान। 152 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे 14.81 लाख से अधिक मतदाता।

By INA News Desk
Oct 23, 2026 - 00:01
8 Views
यूपी विधान परिषद की 11 सीटों पर मतदान आज, 72 जिलों में 14.81 लाख मतदाता करेंगे फैसला
Advertisement
Advertisement

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के 05 खंड स्नातक तथा 06 खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक चुनाव के अंतर्गत आज, 23 अक्टूबर को मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई जा रही है। कार्यालय मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, मतदान प्रातः 8:00 बजे से प्रारंभ होकर सायं 4:00 बजे तक चलेगा। प्रदेश के कानपुर नगर, कानपुर देहात एवं उन्नाव को छोड़कर शेष समस्त 72 जनपदों में फैले निर्वाचन क्षेत्रों में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रशासनिक व सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।

इस द्विवार्षिक निर्वाचन में कुल 152 प्रत्याशी चुनावी समर में अपना भाग्य आजमा रहे हैं, जिनके भाग्य का फैसला 14,81,310 पंजीकृत मतदाता करेंगे। चुनाव को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए कुल 2697 मतदेय स्थल (पोलिंग बूथ) बनाए गए हैं। चुनाव ड्यूटी के लिए 12,309 मतदान कार्मिकों के साथ-साथ 1108 भारी वाहन और 1737 हल्के वाहन तैनात किए गए हैं। निष्पक्ष व पारदर्शी मतदान पर पैनी नजर बनाए रखने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 11 केंद्रीय प्रेक्षकों की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त 1041 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 456 जोनल मजिस्ट्रेट, मतदेय स्थलों पर माइक्रो ऑब्जर्वर तथा संवदेनशील केंद्रों पर निरंतर वीडियोग्राफी की विशेष व्यवस्था की गई है।

निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की पहचान के संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मतदेय स्थल पर वोट डालने से पूर्व मतदाता को अपना निर्वाचक फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। जो मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करने में असमर्थ होंगे, उनकी पहचान सत्यापित करने के लिए 10 वैकल्पिक पहचान दस्तावेजों को मान्यता दी गई है:

  • आधार कार्ड

  • ड्राइविंग लाइसेंस

  • पैन कार्ड

  • भारतीय पासपोर्ट

  • केंद्र/राज्य सरकार, सार्वजनिक उपक्रमों, स्थानीय निकायों अथवा निजी औद्योगिक घरानों द्वारा कर्मचारियों को जारी सेवा पहचान-पत्र

  • सांसदों, विधायकों व पार्षदों को जारी सरकारी पहचान-पत्र

  • संबंधित शिक्षण संस्थाओं द्वारा शिक्षकों व कर्मियों को जारी सेवा पहचान-पत्र

  • विश्वविद्यालय द्वारा जारी डिग्री अथवा डिप्लोमा का मूल प्रमाण-पत्र

  • सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता संबंधी मूल प्रमाण-पत्र

  • सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा जारी यूडीआईडी (UDID) कार्ड

आयोग ने अपील की है कि सभी अर्ह मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त बनाएं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement