Sambhal: 4 जून से निकलेगी आज़ाद समाज पार्टी की 'सत्ता परिवर्तन यात्रा', सम्भल से 1000 कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा। 

सम्भल में आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी की बैठक में आगामी 4 जून से शुरू होने वाली 'सत्ता परिवर्तन यात्रा' को लेकर रणनीति

Jun 1, 2026 - 19:01
52 Views
Sambhal: 4 जून से निकलेगी आज़ाद समाज पार्टी की 'सत्ता परिवर्तन यात्रा', सम्भल से 1000 कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा। 
4 जून से निकलेगी आज़ाद समाज पार्टी की 'सत्ता परिवर्तन यात्रा', सम्भल से 1000 कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा। 

उवैस दानिश, सम्भल

सम्भल में आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी की बैठक में आगामी 4 जून से शुरू होने वाली 'सत्ता परिवर्तन यात्रा' को लेकर रणनीति बनाई गई। पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री पुष्पेंद्र कुमार राणा ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य बहुजन, दलित, पिछड़े, आदिवासी और वंचित समाज को संगठित कर सत्ता परिवर्तन का माहौल बनाना है।

उन्होंने कहा कि पार्टी शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मुफ्त उपलब्ध कराने, भयमुक्त शासन व्यवस्था स्थापित करने और सामाजिक न्याय के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उनका दावा है कि 4 जून से शुरू होने वाली यह यात्रा उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचेगी और प्रदेश की राजनीति में नई हलचल पैदा करेगी। बैठक में जिलाध्यक्ष शहजाद खां ने बताया कि सत्ता परिवर्तन यात्रा 4 जून को बिजनौर से शुरू होगी, जबकि 5 जून को मेरठ और 6 जून को शामली पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि सम्भल से करीब 1000 कार्यकर्ता इस यात्रा में शामिल होने जाएंगे, जिसके लिए संगठन स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शहजाद खां ने कहा कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य बहुजन समाज, मुस्लिम, दलित, पिछड़े और दबे-कुचले वर्गों की आवाज को मजबूत करना है। उन्होंने भाजपा सरकार पर जनहित विरोधी फैसले लेने का आरोप लगाते हुए बिजली बिलों में बढ़ोतरी, शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों को लेकर सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बदलाव लाने के लिए सत्ता परिवर्तन यात्रा जरूरी है और पार्टी जनता के बीच अपने संदेश को लेकर जाएगी।

Also Read- पंजाब स्थानीय निकाय चुनाव में मतगणना से पहले ही आम आदमी पार्टी को मिली बंपर बढ़त, 80 प्रत्याशी निर्विरोध जीते।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow