बाजपुर चीनी मिल का पेराई सत्र समय से शुरू करने की मांग: भाकियू ने एसडीएम से की मुलाकात, स्क्रैप मामले पर दिया जोर
बाजपुर चीनी मिल का पेराई सत्र समय पर शुरू करने और स्क्रैप मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर किसान प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम ऋचा सिंह से मुलाकात की।
ब्यूरो चीफ: आमिर हुसैन
बाजपुर चीनी मिल का आगामी पेराई सत्र तय समय पर शुरू कराने और कबाड़ से जुड़ी गड़बड़ियों की पारदर्शी जांच की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी एवं मिल की प्रधान प्रबंधक ऋचा सिंह से मुलाकात की। इस वार्ता के दौरान किसान नेताओं ने पेराई सत्र को सुचारू और बिना किसी तकनीकी बाधा के चलाने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
प्रतिनिधिमंडल से बातचीत के दौरान उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह ने भरोसा दिलाया कि चीनी मिल का सत्र समय पर शुरू करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेराई के दौरान मशीनों में खराबी या ब्रेकडाउन न आए, इसके लिए अग्रिम तैयारियां की जा रही हैं। स्क्रैप से जुड़े प्रकरण पर उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्षता से जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने चीनी मिल के संचालन को बेहतर बनाने में किसान संगठनों से सहयोग की अपेक्षा भी जताई।
इस दौरान संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कर्म सिंह पड्डा, प्रदेश सचिव विजेन्द्र सिंह डोगरा, ब्लॉक अध्यक्ष प्रताप सिंह संधू और साधन सहकारी समिति के अध्यक्ष अजीत प्रताप रंधावा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
Also Click : Lucknow: यूपी में अवैध खनन पर योगी सरकार का डिजिटल प्रहार, 24x7 निगरानी से माफियाओं पर कसा शिकंजा
What's Your Reaction?




