बाजपुर किसान सेवा सहकारी समिति में वित्तीय अनियमितता पर हंगामा: पूर्व प्रभारी सचिव पर लगा गंभीर आरोप, धरने पर पहुंची पुलिस

बाजपुर किसान सेवा सहकारी समिति में लाखों रुपये की वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया। पूर्व प्रभारी सचिव पर आरोप के बाद जांच कमेटियां गठित, पुलिस पहुंची।

Aug 3, 2026 - 21:50
 0  3
बाजपुर किसान सेवा सहकारी समिति में वित्तीय अनियमितता पर हंगामा: पूर्व प्रभारी सचिव पर लगा गंभीर आरोप, धरने पर पहुंची पुलिस

ब्यूरो चीफ: आमिर हुसैन

बाजपुर की बहुउद्देशीय किसान सेवा सहकारी समिति प्रथम में वित्तीय अनियमितताओं और कार्य में ढिलाई को लेकर विवाद गहरा गया है। समिति के अध्यक्ष नईम अहमद ने पूर्व प्रभारी सचिव हेमचन्द्र काण्डपाल और कैश काउण्टर प्रभारी ललित कुमार पर संस्था के पैसों के निजी इस्तेमाल और अभिलेखों में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। दोनों कर्मचारियों को संचालक मण्डल के प्रस्ताव के तहत पहले ही निलंबित किया जा चुका है।

अध्यक्ष के अनुसार, किसानों से वसूली गई आठ लाख तैंतालीस हजार पांच सौ दस रुपये की राशि बैंक में जमा कराने के बजाय निजी उपयोग में ली गई। इसके अलावा कृषि यन्त्रों की खरीद और उनसे प्राप्त भुगतान का भी सही हिसाब-किताब नहीं रखा गया। इस मामले में मुख्य कृषि अधिकारी द्वारा पूर्व प्रभारी सचिव के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया है।

प्रशासनिक स्तर पर पूरे मामले की गहन पड़ताल के लिए जिला सहायक निबन्धक के निर्देश पर दो अलग-अलग जांच कमेटियों का गठन कर दिया गया है। ये कमेटियां कृषि उपकरणों की खरीद, ऋण राशि और नकदी प्रबंधन में हुई गड़बड़ियों की पूरी रिपोर्ट तैयार करेंगी, जिसके आधार पर अगली कानूनी कार्रवाई होगी।

दूसरी ओर, निलंबन की कार्रवाई का विरोध करते हुए पूर्व प्रभारी सचिव समर्थकों के साथ समिति परिसर के भीतर धरने पर बैठ गए। उन्होंने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। परिसर में कामकाज प्रभावित होने की शिकायत पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और धरना दे रहे लोगों से वार्ता कर कार्यालय से बाहर जाने की अपील की।

Also Click : Lucknow: यूपी में अवैध खनन पर योगी सरकार का डिजिटल प्रहार, 24x7 निगरानी से माफियाओं पर कसा शिकंजा

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow