Ballia : राष्ट्रीय एकता दिवस पर 'रन फॉर यूनिटी' का आयोजन: सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर दौड़े जवान और नागरिक
बलिया में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर 'रन फॉर यूनिटी' का आयोजन। पुलिस लाइन्स से शुरू हुई दौड़ में पुलिसकर्मियों और नागरिकों ने लिया हिस्सा।
रिपोर्ट - सैय्यद आसिफ हुसैन जैदी
भारत के लौह पुरुष, स्वतंत्र भारत के प्रथम उपप्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर बलिया जनपद में राष्ट्रीय एकता दिवस गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस उपलक्ष्य में समाज में आपसी सौहार्द, अखंडता और राष्ट्रप्रेम की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से रिजर्व पुलिस लाइन्स से भव्य 'रन फॉर यूनिटी' (एकता दौड़) का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर ईरज राजा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस एकता दौड़ में जनपद के पुलिस अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। दौड़ के दौरान प्रतिभागियों ने 'एक भारत–श्रेष्ठ भारत', 'एकता का संकल्प' और 'सरदार पटेल अमर रहें' जैसे नारों से समूचे क्षेत्र को देशप्रेम की भावना से गुंजायमान कर दिया।
अधिकारियों ने संबोधन में कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपने अदम्य साहस, प्रशासनिक कुशलता और दूरदर्शी नेतृत्व से सैकड़ों रियासतों का विलय कर भारत को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। आज का यह दिवस स्मरण कराता है कि देश की आंतरिक सुरक्षा और प्रगति तभी संभव है जब समाज का प्रत्येक वर्ग एकजुट रहे।

दौड़ के समापन पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों और पुलिस बल ने सामूहिक रूप से राष्ट्र की संप्रभुता, एकता और सुरक्षा को बनाए रखने का संकल्प लिया। भारत माता की जय और राष्ट्रीय एकता के उद्घोष के साथ आयोजन का समापन हुआ। जनपद भर में इस अवसर पर सामाजिक समरसता और सामुदायिक एकजुटता का स्पष्ट संदेश देखने को मिला।
What's Your Reaction?

