Lucknow: ई-पंचायत स्टेट रिव्यू कमेटी की बैठक में गूंजा बांसा का नाम, पंचायत भवन में आधार सेवा केंद्र खोलने का मिला आश्वासन

ग्राम प्रधान सम्पूर्णानंद ने रखे महत्वपूर्ण सुझाव, डिजिटल सेवाओं के विस्तार और ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर दिया जोर

By INA News Desk
Aug 6, 2026 - 16:23
33 Views
Lucknow: ई-पंचायत स्टेट रिव्यू कमेटी की बैठक में गूंजा बांसा का नाम, पंचायत भवन में आधार सेवा केंद्र खोलने का मिला आश्वासन
ई-पंचायत स्टेट रिव्यू कमेटी की बैठक में गूंजा बांसा का नाम, पंचायत भवन में आधार सेवा केंद्र खोलने का मिला आश्वासन

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा परिसर स्थित प्रमुख सचिव, पंचायती राज कार्यालय में बुधवार को ई-पंचायत स्टेट रिव्यू कमेटी की सप्तम बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रमुख सचिव, पंचायती राज ने की। इस दौरान पंचायती राज विभाग के निदेशक अमित कुमार सिंह सहित विभाग के अपर एवं उपनिदेशक तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में आदर्श ग्राम पंचायत बांसा का प्रतिनिधित्व करते हुए ग्राम प्रधान सम्पूर्णानंद ने पंचायतों को अधिक सशक्त, पारदर्शी और तकनीक-सक्षम बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं के विस्तार, ई-गवर्नेंस को मजबूत करने तथा पंचायत स्तर पर नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।

बैठक के दौरान ग्राम प्रधान सम्पूर्णानंद ने निदेशक, पंचायती राज अमित कुमार सिंह से ग्राम पंचायत बांसा के पंचायत भवन में आधार सेवा केंद्र स्थापित करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि आधार से जुड़े कार्यों के लिए ग्रामीणों को दूर-दराज़ के कस्बों तक जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त लागत आती है। यदि पंचायत भवन में ही यह सुविधा उपलब्ध हो जाए तो हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।

निदेशक अमित कुमार सिंह ने प्रस्ताव का सकारात्मक संज्ञान लेते हुए ग्राम पंचायत बांसा के पंचायत भवन में आधार सेवा केंद्र स्थापित किए जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विभाग ग्रामीणों तक आवश्यक सेवाओं की आसान और सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई जल्द शुरू की जाएगी।

ग्राम पंचायत बांसा की ओर से इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा गया कि पंचायत भवन में आधार सेवा केंद्र खुलने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी और पंचायत भवन एक प्रभावी जनसेवा केंद्र के रूप में विकसित होगा।

उल्लेखनीय है कि ग्राम प्रधान सम्पूर्णानंद के नेतृत्व में आदर्श ग्राम पंचायत बांसा विकास, नवाचार और जनहितकारी पहलों के माध्यम से लगातार नई पहचान बना रही है। शिक्षा, डिजिटल सेवाओं, जनसुविधाओं और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में किए गए कार्यों के चलते पंचायत प्रदेश की अग्रणी ग्राम पंचायतों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow