सीजी सिटी अर्बन वेटलैंड में मना प्रकृति का उत्सव: छात्र-छात्राओं ने कैनवास पर उकेरे प्रकृति के रंग, पंख फैलाते पक्षियों का किया दीदार।
सीजी सिटी अर्बन वेटलैंड में मंगलवार को पर्यावरण प्रेमियों का जमावड़ा लगा। जहां लोगों ने पंख फैलाते पक्षियों का दीदार किया, उनकी खूबसूरती को कैमरे में
सीजी सिटी अर्बन वेटलैंड में मंगलवार को पर्यावरण प्रेमियों का जमावड़ा लगा। जहां लोगों ने पंख फैलाते पक्षियों का दीदार किया, उनकी खूबसूरती को कैमरे में कैद किया। छात्र-छात्राओं ने कैनवास पर प्राकृति के रंग उकेर कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मौका था लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा वेटलैंड-डे के उपलक्ष्य में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम का। जहां प्रकृति और लोगों के बीच अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7ः00 बजे बर्ड वॉचिंग से हुयी। जिसमें स्कूली बच्चों समेत बड़ी संख्या में लोगों ने पक्षियों को दूरबीन के जरिए नजदीक से देखा। इस दौरान पर्यावरण विशेषज्ञों ने उन्हें पक्षियों की प्रजातियों, उनके व्यवहार और वेटलैंड से उनके संबंध के बारे में रोचक एवं ज्ञानवर्धक जानकारी दी। इस मौके पर माननीय मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने सीजी सिटी अर्बन वेटलैंड की वॉल का अनावरण व नवनिर्मित सोवेनियर शॉप का उद्घाटन किया।
उन्होंने एलडीए द्वारा विकसित किए गए वेटलैंड की सराहना करते हुए कहा कि ‘सीजी सिटी अर्बन वेटलैंड शहरी विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन का उत्कृष्ट उदाहरण है’। यह न केवल जैव विविधता को संरक्षण देता है, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए एक जीवंत प्राकृतिक धरोहर भी है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि सोवेनियर शॉप के माध्यम से वेटलैंड संरक्षण से जुड़े उत्पादों को आम लोगों तक पहुंचाने और संरक्षण गतिविधियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है।
- बच्चों ने पेंटिंग में दिखायी रचनात्मक अभिव्यक्ति
गोमती टास्क फोर्स के सदस्यों ने छात्र-छात्राओं के साथ मिलकर स्वच्छता अभियान चलाया। जिसके बाद पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने पक्षियों और प्रकृति की सुंदर आकृतियों को रंगों के माध्यम से जीवंत कर दिया। प्रतियोगिता में भाविका यादव ने प्रथम, लक्ष्मी वर्मा ने द्वितीय एवं जानवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके बाद एक्सटेम्पोर कम्पटीशन में पर्यावरण और वेटलैंड संरक्षण पर बच्चों ने अपने विचार प्रस्तुत किए। जिसमें प्रीति यादव ने प्रथम, सुहानी कुमारी ने द्वितीय एवं मानसी प्रजापति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
- वेटलैंड संरक्षण पर गहन विमर्श
कार्यक्रम में वेटलैंड संरक्षण, जैव विविधता और शहरी विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर पैनल डिस्कशन हुआ। जिसमें डी0एफ0ओ0 सितान्शु पाण्डेय, बॉम्बे नेचुरल हिस्ट्री सोसायटी के पूर्व निदेशक डॉ. असद रहमानी, टी0एस0ए0 के निदेशक डॉ. शैलेन्द्र सिंह, अम्बेडकर विश्वविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर राणा प्रताप सिंह, इंटीग्रल यूनिवर्सिटी के एम0ए0 खालिद, लखनऊ विश्वविद्यालय की डॉ0 अमिता कन्नौजिया व गोमती टास्क फोर्स के मेजर के0एस0 नागी शामिल रहे। विशेषज्ञों ने लोगों को बताया कि वेटलैंड न केवल पक्षियों और जलीय जीवों का घर हैं बल्कि ये भूजल रिचार्ज, बाढ़ नियंत्रण और तापमान संतुलन में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की वे प्लास्टिक का प्रयोग कम करें, जल स्रोतों को दूषित न करें और स्थानीय जैव विविधता के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
- विजेताओं का किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को आवास आयुक्त डॉ0 बलकार सिंह, एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार एवं डी0एफ0ओ सितांशु पाण्डेय द्वारा सम्मानित किया गया। इस दौरान सीजी सिटी अर्बन वेटलैंड का लोगो एवं कॉफी टेबल बुक भी लांच की गई। यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने की दिशा में एक सार्थक और प्रेरणादायी पहल साबित हुआ।
Also Read- सीएम योगी का बाल प्रेम: बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा व सुरक्षा पर सीएम योगी का है विशेष फोकस।
What's Your Reaction?











