UP Census 2027 Launch CM Yogi: योगी ने किया जनगणना-2027 का शुभारंभ, बोले- सटीक आंकड़ों से बनेगी विकसित यूपी की ठोस कार्ययोजना; 30 नवंबर तक कर सकेंगे स्वगणना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित लोकभवन में जनगणना 2027 का शुभारंभ किया। प्रदेश में 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना और 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक घर-घर गणना होगी।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के समग्र विकास और भविष्य की कल्याणकारी नीतियों को सटीक आधार देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राजधानी स्थित लोकभवन में जनगणना-2027 के तृतीय संस्करण का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक प्रदेश की अधिकांश विकास योजनाएं वर्ष 2011 की जनगणना के आंकड़ों पर निर्भर रही हैं, लेकिन बदलती परिस्थितियों में समाज के प्रत्येक वर्ग की वास्तविक सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय स्थिति का आकलन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना से प्राप्त प्रामाणिक आंकड़े ही सुशासन और ठोस कार्ययोजना निर्माण की नींव बनेंगे, जिससे कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहेगा।

जनगणना के व्यापक महत्व पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सर्वाधिक आबादी वाला राज्य है, जहां भारत का हर छठा और विश्व का हर 36वां नागरिक निवास करता है। सही आंकड़ों की महत्ता समझाने के लिए उन्होंने पूर्वी उत्तर प्रदेश के मुसहर समाज का उदाहरण देते हुए कहा कि पूर्व की जनगणनाओं में वास्तविक स्थिति सामने न आ पाने के कारण यह अति-विपन्न समुदाय दशकों तक पक्के आवास, भूमि के पट्टे और राशन कार्ड जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहा। मुख्यमंत्री बनने के पश्चात उन्हें इस वर्ग के लिए विशेष योजना बनाकर इन्हें मुख्यधारा से जोड़ना पड़ा। उन्होंने कहा कि सटीक जनगणना से विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों, सड़कों और अन्य बुनियादी ढांचे की वास्तविक आवश्यकता का वैज्ञानिक आकलन संभव हो सकेगा।

मुख्यमंत्री ने जनगणना अभियान की समयसारिणी साझा करते हुए बताया कि प्रदेश में 16 नवंबर से 30 नवंबर तक नागरिकों के लिए ऑनलाइन स्वगणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिसके माध्यम से लोग आधिकारिक पोर्टल पर स्वयं अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे। इसके उपरांत एक दिसंबर से चार जनवरी तक प्रगणकों की टीमें घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य संपन्न करेंगी।

इस चरण में प्रत्येक नागरिक से धर्म, जाति, शिक्षा, व्यवसाय और मातृभाषा सहित जनसांख्यिकीय पहलुओं से जुड़े 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रदेश के सभी 18 मंडलों, 75 जनपदों, 350 तहसीलों, 825 विकासखंडों, 57,694 ग्राम पंचायतों और 1,04,004 राजस्व गांवों में यह महाअभियान संचालित होगा, जिसकी दैनिक समीक्षा स्वयं जिलाधिकारी करेंगे। नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 भी जारी किया गया है।

अभियान में लगे कार्मिकों को संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरस्थ बस्तियों, किरायेदारों, प्रवासी श्रमिकों, अकेले रहने वाले बुजुर्गों और घुमंतू जातियों तक अनिवार्य रूप से पहुंच सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी नागरिक गणना से छूटने न पाए।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वगणना प्रक्रिया में अपने माता-पिता, वरिष्ठ नागरिकों और पड़ोसियों की ऑनलाइन जानकारी दर्ज कराने में सहयोग करें तथा प्राप्त आईडी को सुरक्षित रखें। कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, विधायक डॉ. नीरज बोरा और विधायक जय देवी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?

