CM Yogi Ki Paati Coffee Table Book: योगी ने ‘योगी की पाती’ कॉफी टेबल बुक का किया विमोचन, बोले- संवेदनहीन सरकारों ने मासूमों को मरने को छोड़ा, हमने वंचितों को दिलाया अधिकार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर ‘योगी की पाती’ के स्वर्णिम 50+ सप्ताह पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया और वंचित समुदायों के उत्थान व इंसेफेलाइटिस उन्मूलन पर अपने विचार रखे।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ नागरिकों के साथ सीधे संवाद की अनूठी पहल ‘योगी की पाती’ के स्वर्णिम 50 से अधिक सप्ताह पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर विशेष कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने संवाद यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन भी किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘योगी की पाती’ केवल संदेशों का संकलन नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक शासन की संवेदना, सरोकार और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का आत्मीय माध्यम है।

पूर्ववर्ती सरकारों की कार्यशैली पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय वह था जब संवेदनहीन व्यवस्था के कारण मासूम बच्चों को तड़पते हुए मरने के लिए छोड़ दिया गया था, जबकि आज की संवेदनशील सरकार ने उन बच्चों और वंचित वर्गों को सम्मानजनक जीवन व बेहतर सुविधाएं प्रदान की हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार ने किसी पर उपकार नहीं किया, बल्कि अपने संवैधानिक कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन किया है।

वनटांगिया समुदाय के लंबे संघर्ष को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि ब्रिटिश काल में जंगल बसाने के लिए लाए गए इन परिवारों को आजादी के दशकों बाद भी नागरिक अधिकार, बिजली, पानी, सड़क और मतदान तक का अधिकार नहीं मिला था। वर्ष 2005-06 में महाराजगंज में इन परिवारों की दुर्दशा देखने के बाद उन्होंने इस मुद्दे को संसद से लेकर तत्कालीन केंद्र सरकार तक उठाया और वन अधिकार कानून में संशोधन कराया। वर्ष 2017 में प्रदेश की कमान संभालने के बाद सबसे पहले वनटांगिया गांवों को राजस्व ग्राम का दर्जा दिया गया और आज 54 बस्तियों के हजारों परिवार सम्मानपूर्वक जीवन जी रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वनटांगिया समुदाय के उत्थान के प्रयासों ने ही उन्हें मुसहर, थारू, चेरो, गोंड, कोल, बुक्सा और शहरिया जैसी जनजातियों की समस्याओं के समाधान की प्रेरणा दी। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में एक तरफ खाद्यान्न घोटाले हो रहे थे, तो दूसरी तरफ कुशीनगर में मुसहर समाज के लोग भूख से दम तोड़ रहे थे। आज वर्तमान सरकार ने मुसहर परिवारों को भूमि के पट्टे, पक्के आवास और राशन कार्ड उपलब्ध कराए हैं। इसी प्रकार चित्रकूट की कोल बस्तियों में रहने वाले परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान देकर मुख्यधारा से जोड़ा गया है।

स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में आए क्रांतिकारी बदलावों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में दशकों तक कहर बरपाने वाली इंसेफेलाइटिस बीमारी को सरकार के निरंतर प्रयासों से पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है, जिससे अब किसी भी बच्चे की जान नहीं जाती। वहीं, बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में 'ऑपरेशन कायाकल्प' के माध्यम से 96 प्रतिशत बुनियादी सुविधाएं संतृप्त की गई हैं और डीबीटी के जरिए लगभग 1.60 करोड़ बच्चों को यूनिफॉर्म, बैग, किताबें और जूते-मोजे उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कई बार जानकारी के अभाव में पात्र नागरिक सरकारी योजनाओं से वंचित रह जाते हैं, इसलिए आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड और निराश्रित महिला पेंशन जैसी योजनाओं का बार-बार प्रचार-प्रसार अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम में दैनिक जागरण के राज्य संपादक आशुतोष शुक्ला, अमर उजाला के संपादक विजय त्रिपाठी, टाइम्स ऑफ इंडिया के स्थानीय संपादक प्रवीण कुमार, हिंदुस्तान के स्थानीय संपादक सुनील द्विवेदी, हिंदुस्तान टाइम्स के स्थानीय संपादक प्रांशु मिश्रा और नवभारत टाइम्स के संपादक मनीष श्रीवास्तव सहित प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के अनेक वरिष्ठ संपादक उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?

