Hardoi News: संविदा कर्मचारियों की मांगों को लेकर 21 से 23 सितंबर तक प्रदेशव्यापी ज्ञापन अभियान
उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ (रजि.) के प्रांतीय आह्वान पर संविदा कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को
हरदोई। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ (रजि.) के प्रांतीय आह्वान पर संविदा कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर आगामी 21, 22 एवं 23 सितंबर 2026 तक जिलाधिकारी के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री जी को सम्बोधित ज्ञापन का कार्यक्रम रहेगा। इस संबंध में उ.प्र. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन हरदोई के जिलाध्यक्ष डॉ जावेद खान ने बताया कि प्रदेश के समस्त जनपदों में संविदा कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन कर रहे हैं।
जिलाध्यक्ष डॉ जावेद खान ने कहा कि संविदा कर्मचारी लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन उन्हें अभी तक कई मूलभूत सेवा सुविधाओं एवं अधिकारों का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। संघ द्वारा शासन के समक्ष कर्मचारियों की समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की जा रही है। संघ की प्रमुख मांगों में दीर्घकाल से कार्यरत संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन, संविदा कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों के लिए 10 लाख रुपये तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा, वर्तमान महंगाई के अनुरूप महंगाई भत्ता, भविष्य निधि (EPF) की व्यवस्था, रिक्त पदों के सापेक्ष स्थानांतरण तथा सेवा के दौरान मृत्यु होने पर आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति प्रमुख हैं।
डॉ जावेद ख़ान ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर शासन स्तर पर सकारात्मक निर्णय की अपेक्षा है। उन्होंने कहा कि 21 से 23 सितंबर तक निर्धारित आंदोलन के माध्यम से शासन का ध्यान संविदा कर्मचारियों की समस्याओं की ओर आकर्षित किया जाएगा। उन्होंने सभी संविदा कर्मचारियों से एकजुट होकर आंदोलन में सहभागिता करने की अपील की। साथ ही कहा कि यदि निर्धारित समयावधि में मांगों के समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो संघ द्वारा प्रदेश स्तर पर बड़े आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह संघर्ष केवल संविदा कर्मचारियों के अधिकारों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने शासन से संविदा कर्मचारियों की जायज मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।
Also Read- मनौना धाम मे भीषण गर्मी की के कारण आरती तथा आशीर्वाद समय के समय मे हुआ परिवर्तन।
What's Your Reaction?







