हार्ट अटैक से बचना है तो एलडीएल कोलेस्ट्रॉल रखें कम, डॉक्टरों ने दी अहम सलाह
सहारनपुर में फिजिशियन सम्मेलन में हृदय रोग विशेषज्ञों ने कहा कि भारतीयों में एलडीएल कोलेस्ट्रॉल का स्तर नियंत्रित रखकर हार्ट अटैक के खतरे को टाला जा सकता है।
सहारनपुर। एसोसिएशन ऑफ फिजिशियन ऑफ इंडिया (एपीआई) की स्थानीय इकाई द्वारा आयोजित वैज्ञानिक संगोष्ठी में हृदय रोग विशेषज्ञों ने बढ़ते कोलेस्ट्रॉल को लेकर सतर्क किया। अंबाला रोड स्थित एक सभागार में आयोजित इस चर्चा में मेरठ के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. हरिओम त्यागी ने कहा कि शरीर में एलडीएल यानी खराब कोलेस्ट्रॉल की मात्रा अधिक होने पर दिल की बीमारियों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी देशों की तुलना में भारत में कम उम्र के लोग तेजी से दिल की बीमारियों की गिरफ्त में आ रहे हैं। इस वजह से भारतीयों के लिए एलडीएल कोलेस्ट्रॉल का स्तर पश्चिमी देशों के पैमानों की तुलना में और भी कम बनाए रखना जरूरी है।
डॉ. त्यागी ने बताया कि कई मामलों में केवल स्टेटिन दवा से मरीज का एलडीएल नियंत्रित नहीं हो पाता। ऐसी स्थिति में स्टेटिन के साथ इजेटिमाइड दवा का इस्तेमाल करने से खराब कोलेस्ट्रॉल के स्तर को काफी हद तक सामान्य सीमा में लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वक्त पर जांच और सही चिकित्सीय परामर्श से हार्ट अटैक जैसी जानलेवा स्थिति से आसानी से बचा जा सकता है।
कार्यक्रम के अध्यक्ष डॉ. कलीम अहमद ने जीवनशैली में सुधार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दिल को सेहतमंद रखने के लिए खान-पान की आदतों में बदलाव सबसे अहम है। भोजन में अधिक तली-भुनी चीजों, ज्यादा चीनी और नमक के इस्तेमाल से परहेज करना चाहिए। इसके अलावा शराब और धूम्रपान जैसी नुकसानदेह आदतों से दूर रहना बेहद जरूरी है। रोजाना हल्की कसरत, कम से कम 6 से 8 घंटे की भरपूर नींद और मानसिक तनाव से दूरी दिल को बीमारियों से बचाने में सबसे कारगर उपाय हैं।
संगोष्ठी के आरंभ में एपीआई के सचिव डॉ. विकास अग्रवाल ने सभी डॉक्टरों का स्वागत किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन वैज्ञानिक सचिव डॉ. सौम्या जैन ने किया। इस दौरान शहर के प्रमुख चिकित्सकों में डॉ. अनुपम मलिक, डॉ. नरेश नौसरान, डॉ. संजीव मित्तल, डॉ. सुधीर अग्रवाल, डॉ. अनिल मलिक, डॉ. विजय अग्रवाल, डॉ. सी.एस. चोपड़ा, डॉ. रजत बंसल, डॉ. ए.के. गुप्ता और डॉ. शिफाउल्लाह सहित बड़ी संख्या में चिकित्सा जगत के लोग उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?

