Saharanpur Crime News: देवबंद में 5 शातिर जेबकतरे गिरफ्तार, अवैध तमंचे और नकदी बरामद
देवबंद पुलिस ने त्योहार के दौरान सक्रिय 5 शातिर जेबकतरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से अवैध तमंचे, चाकू, नकदी और चोरी के औजार बरामद किए गए हैं।
सहारनपुर के देवबंद थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्योहारों के मद्देनजर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत अंतरजनपदीय गिरोह के 5 शातिर जेबकतरों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन आरोपियों के कब्जे से अवैध असलहे, धारदार हथियार, नकदी और वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले ब्लेड बरामद किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशों पर क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और संदिग्धों की धरपकड़ के लिए चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस को यह सफलता मिली है।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान शामली के घसौली निवासी मिंदर व सूरज, मुजफ्फरनगर के दरियापुर निवासी सुरेंद्र व राजकुमार और हरिद्वार के लहबोली निवासी शाहिद के रूप में हुई है। यह गिरोह भीड़भाड़ वाले स्थानों, बाजारों और सार्वजनिक वाहनों में यात्रियों की जेब काटने और टप्पेबाजी की वारदातों को अंजाम देता था।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से दो देसी तमंचे, तीन धारदार हथियार, 7,800 रुपये नकद और माचिस की डिब्बियों में रखे गए धारदार ब्लेड के टुकड़े बरामद हुए हैं। कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर घेराबंदी कर सभी आरोपियों को दबोचा। पुलिस ने सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और उनके पुराने आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल की जा रही है।
What's Your Reaction?