Saharanpur News: देवबंद के राधावल्लभ मंदिर में सजा भव्य फूल बंगला, झूला उत्सव में भजनों पर झूमे भक्त
देवबंद के सिद्धपीठ राधावल्लभ मंदिर में राधा नवरंगी लाल झूला उत्सव की धूम रही। वृंदावन के कारीगरों द्वारा तैयार फूल बंगले और भजनों ने भक्तों को मंत्रमुग्ध किया।
सहारनपुर के देवबंद स्थित कायस्थवाड़ा मोहल्ले में स्थित सिद्धपीठ राधावल्लभ मंदिर में राधा नवरंगी लाल के झूला उत्सव के दौरान श्रद्धा और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। दूर-दराज और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने विग्रह के दर्शन किए और भक्ति गीतों की धुन पर भावविभोर होकर नृत्य किया।
उत्सव के उपलक्ष्य में वृंदावन से आए कुशल कारीगरों द्वारा विशेष रूप से तैयार किया गया फूल बंगला भक्तों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बना रहा। भजन मंडली के कलाकारों ने मधुर भजनों और मंगल गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। भजनों के सुरमयी प्रवाह के बीच पूरा मंदिर प्रांगण भक्तिमय जयकारों से गूंजता रहा।
मंदिर प्रबंधन से जुड़े गोस्वामी नीरज लाल और गोस्वामी अभिषेक लाल ने बताया कि हित हरिवंश महाप्रभु के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मंदिर प्रांगण में नियमित रूप से बधाई और मंगल गायन का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक उत्सव के दौरान विग्रहों को प्रतिदिन नए वस्त्र और आभूषण धारण कराए जा रहे हैं। कार्यक्रम में पंकज गोस्वामी, दीपक गोस्वामी, विकास, प्रदीप गोयल, सतीश गिरधर, राजकुमार जाटव, पूर्व सभासद अजय टंडन, डॉ. बिजेंद्र गोयल और मनोज गोयल समेत अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?







