Hardoi: होलिका दहन स्थल पर अतिक्रमण को लेकर भड़का विवाद, ग्रामीणों में आक्रोश।
तहसील शाहाबाद क्षेत्र के ग्राम अरूआ पारा में वर्षों से परंपरागत रूप से होलिका दहन के लिए चिह्नित स्थल पर गांव के ही एक सरकारी कर्मचारी
हरदोई। तहसील शाहाबाद क्षेत्र के ग्राम अरूआ पारा में वर्षों से परंपरागत रूप से होलिका दहन के लिए चिह्नित स्थल पर गांव के ही एक सरकारी कर्मचारी द्वारा अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया है। इसको लेकर ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों का कहना है कि उक्त स्थल पर पिछले कई वर्षों से गांव की सामूहिक होलिका दहन की परंपरा चली आ रही है, लेकिन हाल ही में एक व्यक्ति द्वारा उस स्थान पर अवैध कब्जा कर लिया गया। मामले की जानकारी ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों को दी, परंतु अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
सोमवार को मामले की जांच के लिए तहसीलदार शाहाबाद संध्या यादव मौके पर पहुंचीं, लेकिन जांच से ग्रामीण संतुष्ट नजर नहीं आए। ग्रामीणों का आरोप है कि तहसीलदार द्वारा अतिक्रमणकर्ता का पक्ष लिया जा रहा है और उनकी भाषा भी उसी के अनुरूप है।
ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि वे किसी भी कीमत पर होलिका दहन स्थल का स्थान परिवर्तन स्वीकार नहीं करेंगे। वहीं भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) संगठन ने भी मामले में हस्तक्षेप करते हुए कहा कि ग्रामीणों की आस्था और भावनाओं से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने होलिका दहन स्थल को परिवर्तित करने का प्रयास किया तो आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल प्रशासन की भूमिका को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है और वे शीघ्र निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Also Read- Hardoi : हरदोई साइबर क्राइम पुलिस ने जनवरी 2026 में 5 पीड़ितों के 2 लाख 21 हजार 100 रुपये वापस कराए
What's Your Reaction?











