हरदोई: सीडीओ नेहा व्याडवाल का स्कूलों में औचक निरीक्षण, कम उपस्थिति और गंदगी पर कार्रवाई के आदेश
हरदोई सीडीओ नेहा व्याडवाल ने रेलवेगंज के परिषदीय स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। छात्रों की कम उपस्थिति और गंदगी मिलने पर हेडमास्टर को नोटिस जारी कर सुधार के निर्देश दिए।
हरदोई नगर क्षेत्र के प्राथमिक और संविलियन विद्यालयों में शिक्षा का स्तर परखने और व्यवस्थाओं की पड़ताल करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल ने अचानक निरीक्षण किया।

इस दौरान कक्षाओं में छात्र-छात्राओं की बेहद कम मौजूदगी, पठन-पाठन में लापरवाही और परिसर में फैली गंदगी को देखकर उन्होंने सख्त नाराजगी जताई। मुख्य विकास अधिकारी ने जिम्मेदार अधिकारियों और प्रधानाध्यापकों की जवाबदेही तय करते हुए कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

निरीक्षण की शुरुआत प्राथमिक विद्यालय रेलवेगंज-द्वितीय से हुई। यहां कुल 37 पंजीकृत बच्चों में से केवल 21 बच्चे ही उपस्थित मिले, जिनमें 12 बच्चे बिना यूनिफॉर्म के बैठे थे। कक्षा 4 और 5 के विद्यार्थियों की हिंदी की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के दौरान शब्दों की लिखावट और वर्तनी में गंभीर अशुद्धियां सामने आईं।

कॉपियों का नियमित और सही तरीके से मूल्यांकन न किए जाने पर शिक्षकों को कड़ी फटकार लगाई गई। मुख्य विकास अधिकारी ने प्रधानाध्यापक को अभिभावकों से लगातार संपर्क साधकर दैनिक उपस्थिति को कम से कम 90 प्रतिशत तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

परिसर का जायजा लेने पर स्कूल में घास-फूस, झाड़ियां और अस्वच्छता का माहौल दिखा। शौचालय और पेयजल की व्यवस्थाएं बदहाल पाई गईं, जबकि मध्याह्न भोजन (एमडीएम) के रसोईघर में रोशनी और स्वच्छता के मानक पूरे नहीं थे। इस गंभीर लापरवाही पर संबंधित प्रधानाध्यापक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने और खंड शिक्षा अधिकारी का पर्यवेक्षकीय दायित्व तय करते हुए एक सप्ताह में फोटो सहित सुधार रिपोर्ट तलब की गई है।

इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी संविलियन विद्यालय रेलवेगंज पहुंचीं। यहां भी स्थिति चिंताजनक रही, जहां दर्ज 76 बच्चों में से मात्र 35 बच्चे ही उपस्थित मिले। इस लापरवाही पर प्रधानाध्यापक को स्पष्टीकरण के लिए कारण बताओ नोटिस जारी करने का आदेश दिया गया।

परिसर में झाड़ियों की भरमार और शौचालय तक जाने के रास्ते में रुकावट होने पर फौरन सफाई कराने को कहा गया। साथ ही बेहतर हालत में मौजूद खाली कमरों का उपयोग शिक्षण कार्य के लिए करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने दो टूक शब्दों में कहा कि प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, साफ-सुथरा और सुरक्षित वातावरण मिलना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया उपाध्याय, खंड शिक्षा अधिकारी डीएल राना तथा जिला समन्वयक मयंक त्रिपाठी उपस्थित रहे।
Also Click : हरदोई: एसएस सेंट्रल एकेडमी में 'मेरे सपनों का भारत' थीम पर प्रतियोगिताएं आयोजित, विद्यार्थियों ने किया पौधरोपण
What's Your Reaction?