Sitapur News: फाइलेरिया उन्मूलन अभियान का शुभारंभ, जिलाधिकारी ने स्वयं दवा खाकर दिया संदेश; 24 लाख से अधिक लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्य

जनपद में फाइलेरिया उन्मूलन के उद्देश्य से सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान का शुभारंभ गुरुवार को परसेंडी ब्लॉक स्थित

By INA News Desk
Nov 19, 2026 - 17:45
4 Views
Sitapur News: फाइलेरिया उन्मूलन अभियान का शुभारंभ, जिलाधिकारी ने स्वयं दवा खाकर दिया संदेश; 24 लाख से अधिक लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्य
Advertisement
Advertisement

संदीप चौरसिया INA NEWS सीतापुर

सीतापुर: जनपद में फाइलेरिया उन्मूलन के उद्देश्य से सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान का शुभारंभ गुरुवार को परसेंडी ब्लॉक स्थित श्री कृष्णा कॉलेज ऑफ फार्मेसी में किया गया। अभियान के अंतर्गत 7 दिसंबर तक जनपद के 10 संवेदनशील ब्लॉकों में 24 लाख से अधिक लोगों को घर-घर जाकर फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाई जाएगी।
अभियान के उद्घाटन अवसर पर जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार ने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपनी लंबाई मापकर दवा की खुराक निर्धारित कराते हुए फाइलेरिया से बचाव की दवा का सेवन किया तथा जनपदवासियों से भी दवा सेवन करने की अपील की। कार्यक्रम में राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीवीबीडीसी), नेशनल टीएसयू, गेट्स फाउंडेशन, पीसीआई तथा जापान की ईसाई फार्मास्यूटिकल संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम से पूर्व जिलाधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कॉलेज परिसर स्थित शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। तत्पश्चात दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।


जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग फाइलेरिया से बचाव की दवा अवश्य खाएं तथा दूसरों को भी दवा सेवन के लिए प्रेरित करें। उन्होंने पिछली बार दवा सेवन से इनकार करने वाले लगभग 35 हजार लोगों को समझाकर दवा खिलाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास एवं सभी विभागों के समन्वय से सीतापुर को फाइलेरिया मुक्त बनाने का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जागरूकता प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
अपर निदेशक एवं राज्य फाइलेरिया अधिकारी डॉ. ए.के. चौधरी ने कहा कि फाइलेरिया उन्मूलन अभियान में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता के कर्म संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि फाइलेरिया से बचाव की दवा का सेवन करना तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि क्यूलेक्स मच्छर के माध्यम से फैलने वाले इस रोग से बचाव के लिए निर्धारित अवधि में दवा का सेवन आवश्यक है तथा जनसमुदाय में जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है।
पीसीआई प्रतिनिधि रणपाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश के कुल प्रभावित ब्लॉकों का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा सीतापुर जनपद में है, जिससे अभियान की सफलता के लिए विशेष प्रयास आवश्यक हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 सुखरंजन समद्दर ने कहा कि सभी विभागों एवं सहयोगी संस्थाओं के समन्वय से अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करते हुए पात्र लाभार्थियों तक दवा पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
जापान की ईसाई फार्मास्यूटिकल संस्था के प्रतिनिधि कोजी एवं ताकुया ने अभियान में सहभागिता को स्वस्थ भारत एवं फाइलेरिया मुक्त भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने वैश्विक स्तर पर फाइलेरिया उन्मूलन के लिए दवा उपलब्ध कराने में संस्था के योगदान की जानकारी देते हुए आने वाली पीढ़ियों को इस बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए सामूहिक सहभागिता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के समापन पर कॉलेज प्रबंधक हरनाम सिंह एवं विभागाध्यक्ष डॉ. अनुराग मिश्रा ने उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एसीएमओ आरसीएच डॉ. अनिल त्रिपाठी, एसीएमओ एवं वीबीडी नोडल डॉ. दीपेंद्र वर्मा, सीएचसी अधीक्षक, गेट्स फाउंडेशन, पीसीआई, पाथ, डब्ल्यूएचओ के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
ग्राम राही में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय टीम ने किया भ्रमण
उद्घाटन कार्यक्रम के पश्चात राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय टीम ने परसेंडी ब्लॉक के ग्राम राही का भ्रमण कर दवा सेवन प्रक्रिया का निरीक्षण किया तथा पंचायत भवन में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। राज्य फाइलेरिया अधिकारी डॉ. ए.के. चौधरी ने ग्रामीणों को फाइलेरिया रोग के लक्षण, प्रभाव एवं बचाव के संबंध में जागरूक करते हुए बताया कि यह मच्छर के काटने से फैलने वाला रोग है, न कि छुआछूत अथवा अभिशाप। उन्होंने रोग से प्रभावित व्यक्तियों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने की अपील की।
ग्राम प्रधान ओमप्रकाश शुक्ला एवं सीएचओ-पीएसपी सदस्यों ने बताया कि 5 नवंबर से ही दवा सेवन से वंचित लोगों को चिन्हित कर उन्हें जागरूक एवं प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने अभियान के दौरान सभी पात्र व्यक्तियों को दवा सेवन कराने के लिए पूर्ण प्रयास किए जाने का आश्वासन दिया। इस दौरान गांव के फाइलेरिया प्रभावित मरीजों ने प्रभावित अंगों की नियमित देखभाल एवं स्वच्छता संबंधी उपायों का प्रदर्शन कर टीम को जानकारी दी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement