हरदोई में मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और छात्राओं को दी गई सुरक्षा की जानकारी
हरदोई पुलिस ने मिशन शक्ति के तहत चौपाल लगाकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, अधिकार और हेल्पलाइन नंबरों की महत्वपूर्ण जानकारी दी है।
हरदोई जिले में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है. पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के कुशल निर्देशन में चलाए जा रहे मिशन शक्ति के इस चरण के तहत जिले भर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए. इसके माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है. अभियान के तहत जनपद के सभी थानों से जुड़ी महिला बीट आरक्षियों और एंटी रोमियो टीमों ने लगभग 49 गांवों में चौपाल का आयोजन किया.
इस दौरान पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और युवतियों से सीधा संवाद स्थापित किया तथा घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और कानूनी प्रावधानों से जुड़ी अहम जानकारियां साझा कीं. इसके अलावा महिला अपराधों से जुड़ी पीड़ित महिलाओं से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनकी समस्याएं सुनी गईं और उन्हें उचित विधिक सहायता दिलाई गई. ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण के दौरान पुलिस टीमों ने स्थानीय महिलाओं से अवैध गतिविधियों जैसे शराब या अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार के संबंध में जानकारी ली.
साथ ही नागरिकों को संबंधित बीट अधिकारियों के मोबाइल नंबर और आपातकालीन हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया गया. शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक केंद्रों पर छात्राओं को गुड टच और बैड टच, साइबर सुरक्षा तथा महिला अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया. सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के उद्देश्य से पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान भी चलाया. अभियान के दौरान बड़ी संख्या में संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई और उन्हें सख्त हिदायत दी गई. हरदोई पुलिस का यह प्रयास महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा का भाव पैदा करने के साथ-साथ उन्हें आपात स्थिति में तुरंत मदद पाने के लिए सक्षम बना रहा है.
What's Your Reaction?