हरदोई के संडीला में नगरवासियों की समस्याओं पर बड़ा कदम: चेयरमैन ने जनसुनवाई कर अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
हरदोई के संडीला नगर पालिका में चेयरमैन मोहम्मद रईस अंसारी ने जनसुनवाई की। साफ-सफाई, पानी और सड़क से जुड़ी समस्याओं के तुरंत निपटारे के निर्देश दिए।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह सोमवंशी
जनसुनवाई के दौरान गूंजीं जनता की समस्याएं, नगर पालिका चेयरमैन ने शिकायतों के तुरंत निपटारे के लिए अधिकारियों को चेताया
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में स्थानीय नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने और उनकी शिकायतों को सुनने के लिए एक विशेष पहल की गई है। संडीला नगर पालिका परिषद कार्यालय में सोमवार को आम जनता की समस्याओं को लेकर एक जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नगर पालिका चेयरमैन मोहम्मद रईस अंसारी की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के लोगों ने पीने के पानी की किल्लत, सड़कों पर जलभराव, खराब स्ट्रीट लाइट, टूटी सड़कों की मरम्मत और नालियों की गंदगी जैसे गंभीर मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। कार्यक्रम के दौरान अधिशासी अधिकारी अनिरुद्ध कुमार भी प्रशासनिक टीम के साथ मौजूद रहे और लोगों की शिकायतों को दर्ज किया।
इस जनसुनवाई में संडीला के अलग-अलग वार्डों से बड़ी संख्या में लोग अपनी स्थानीय समस्याओं के आवेदन लेकर पहुंचे थे। चेयरमैन ने एक-एक कर सभी नागरिकों की परेशानियों को ध्यान से सुना और मौके पर मौजूद जिम्मेदार अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर तुरंत उचित कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि जनता को बुनियादी सुविधाएं समय पर देना नगर पालिका प्रशासन की सबसे पहली जिम्मेदारी है। कामकाज में किसी भी स्तर पर ढिलाई या लापरवाही को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में कस्बे की सफाई व्यवस्था को और ज्यादा दुरुस्त करने पर विशेष बल दिया गया। चेयरमैन मोहम्मद रईस अंसारी ने सफाई नायकों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे वार्डों में नियमित रूप से झाड़ू लगवाएं, समय पर नालियों की गाद साफ करें और सार्वजनिक जगहों पर कूड़ा इकट्ठा न होने दें। उन्होंने नगरवासियों से भी इस मुहिम में सहयोग करने की बात कही ताकि कचरा इधर-उधऱ फेंकने के बजाय तय डस्टबिन में ही डाला जाए, जिससे संडीला को सुंदर बनाया जा सके।
इस मौके पर अधिशासी अधिकारी अनिरुद्ध कुमार ने जनता को भरोसा दिया कि जनसुनवाई में मिली सभी शिकायतों को जल्द से जल्द दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन आवेदनों पर क्या कार्रवाई हुई, इसकी नियमित रूप से समीक्षा की जाएगी ताकि काम में पूरी पारदर्शिता रहे। इस पूरी सुनवाई के दौरान सभासद मनोज कनौजिया, पंकज, इमरान हमीद, चन्द्रकांत, आफताब अहमद, संजीव कुमार सहित पालिका के कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं व पुरुष मौजूद रहे।
Also Click : Hardoi News: इनर व्हील क्लब हरदोई डीओडी का 11वां अधिष्ठापन समारोह संपन्न, सोनिया मिश्रा बनीं नई अध्यक्ष
What's Your Reaction?




